नवा रायपुर में 406 एकड़ में बनेगा इंटीग्रेटेड मल्टी-सेक्टर इंडस्ट्रियल पार्क, BHAVYA योजना के तहत केंद्र को भेजा जाएगा प्रस्ताव

रायपुर, 30 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। भारत औद्योगिक विकास योजना (BHAVYA) के तहत नवा रायपुर अटल नगर में इंटीग्रेटेड मल्टी-सेक्टर इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस प्रस्ताव को अब केंद्र सरकार की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में स्टेट लेवल कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (CRDA) द्वारा प्रस्तावित औद्योगिक पार्क की परियोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में परियोजना की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR), मास्टर प्लान, भूमि उपलब्धता, अधोसंरचना, अनुमानित लागत, वित्तीय व्यवस्था और BHAVYA योजना की संचालन गाइडलाइन के संबंध में जानकारी प्रस्तुत की गई। समिति ने परियोजना प्रस्ताव को भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के समक्ष प्रस्तुत करने की मंजूरी दी।
406.72 एकड़ में विकसित होगा औद्योगिक पार्क
CRDA के प्रस्ताव के अनुसार, यह इंटीग्रेटेड मल्टी-सेक्टर इंडस्ट्रियल पार्क नवा रायपुर अटल नगर, जिला रायपुर में विकसित किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए करीब 406.72 एकड़ भूमि का क्षेत्र निर्धारित किया गया है। पार्क में विभिन्न औद्योगिक गतिविधियों के लिए आवश्यक आधारभूत संरचनाओं और सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
केंद्र की मंजूरी के बाद आगे बढ़ेगी परियोजना
स्टेट लेवल कमेटी से अनुमोदन मिलने के बाद अब परियोजना प्रस्ताव को निर्धारित प्रक्रिया के तहत DPIIT, भारत सरकार को भेजा जाएगा। केंद्र सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद औद्योगिक पार्क के निर्माण और विकास से जुड़े अगले चरणों पर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता, प्रबंध संचालक सीएसआईडीसी उमेश कुमार झा, एनआरडीए नवा रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित कलेक्टर रायपुर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।




