विधायक अनुज शर्मा ने विभागीय समीक्षा बैठक ली; जनदर्शन में सुनी जन-समस्याएं, पात्र हितग्राहियों को बांटे मकानों के पट्टे

• विधायक अनुज शर्मा ने ली विभागों की मैराथन समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दी नसीहत-“दफ्तरों से निकलें और धरातल पर काम करें।
- लंबित कार्यों पर माँगी ‘एक्शन टेकन रिपोर्ट’, विकास कार्यों की गुणवत्ता से समझौता करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई।
- अगली बैठक ‘सफलता की कहानियों’ पर हो- विधायक अनुज शर्मा
धरसींवाः विधानसभा क्षेत्र धरसीवा में क्षेत्रीय विकास की गति को बढ़ाने और प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त- दुरुस्त करने के उद्देश्य से धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने आज जनपद पंचायत के सभा कक्ष में विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में विधायक का बेहद संवेदनशील और सख्त अंदाज नजर आया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना ही प्रशासन की असली सफलता है। बैठक के दौरान विधायक ने विभिन्न विभागों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और कार्यालयों में लंबित आवेदनों के वर्तमान स्टेटस की विस्तृत रिपोर्ट मांगी।
उन्होंने पूछा कि कौन से कार्य समय सीमा के भीतर किए गए हैं और कौन से लंबित है। जनता से प्राप्त आवेदनों और शिकायतों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई, इसका पूरा विवरण मांगा गया है। उन्होंने निर्देश दिया कि फाइलों को अनावश्यक रूप से न रोका जाए तथा यथासमय प्राप्त आवेदनों पर उचित कार्यवाही करना सुनिश्चित करे।
श्री शर्मा ने लोक निर्माण विभाग (PWD), विद्युत विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE), जनपद पंचायत, स्कूल शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सहित अन्य विभागों के अधिकारियों से जारी परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी मांगी।
मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि आज की यह समीक्षा बैठक केवल फाइलों के लेन-देन के लिए नहीं है, बल्कि यह आत्म-मंथन के लिए है कि हम जनता की उम्मीदों पर कितना खरा उतर रहे हैं। लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि है और हम सभी उनकी सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। सभी विभागों के अधिकारियों से यहीं कहा की मेरे पास जनता की शिकायतें नहीं आनी चाहिए कि छोटे-छोटे कार्यों और आवेदनों के लिए उन्हें दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। याद रखें, टेबल पर पड़ी हर फाइल के पीछे एक गरीब जनता की उम्मीद और उसकी समस्या जुड़ी होती है। मुझे हर विभाग से ‘एक्शन टेकन रिपोर्ट’ चाहिए। जो काम महीनों से रुके हुए हैं, उनके पीछे की बाधा क्या है? अधिकारी दफ्तरों से निकलकर धरातल पर काम करें और जनता के प्रति अपनी जवाबदेही तय करें। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। विकास कार्यों मैं गुणवत्ता से समझौता और काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनता को अपने काम के लिए कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, यह सुनिश्चित करना आपकी जिम्मेदारी है। कागजों पर विकास दिखने से ज्यादा जरूरी है कि वह धरातल पर नजर आए। “अगली बैठक ‘सफलता की कहानियों’ पर हो”
विधायक अनुज शर्मा ने सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हुए बैठक का समापन किया। उन्होंने कहा, “मैं चाहता हूँ कि अगली बैठक में हम ‘समस्याओं’ पर नहीं, बल्कि ‘सफलता की कहानियों पर चर्चा करें। मुझे आप सभी से पूर्ण सहयोग की अपेक्षा है ताकि हम मिलकर अपने क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा सके।
जनदर्शन में विधायक ने सुनी समस्याएं
समीक्षा बैठक के उपरांत विधायक श्री शर्मा सेवा सदन पहुंचे, जहाँ आयोजित जनदर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याओं और मांगों को उनके समक्ष रखा। विधायक ने संवेदनशीलता के साथ नागरिकों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को कई मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
पात्र हितग्राहियों को मिला अपना घर बनाने का अधिकार
जनदर्शन के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने शासन की योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को मकान के पट्टे वितरित किए। पट्टा प्राप्त कर हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि हर गरीब और जरूरतमंद परिवार को सिर छिपाने के लिए अपनी छत मिले, यह हमारी प्राथमिकता है। पट्टा मिलने से हितग्राहियों को न केवल अपने मकान का कानूनी अधिकार मिला है, बल्कि वे अब सुरक्षित और सम्मानित जीवन जी सकेंगे।

इस कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा, ज़िला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु, जनपद अध्यक्ष शकुंतला ढीलेंद्र सेन, उपाध्यक्ष दिनेश खूटे, सुनील शर्मा,सीईओ जनपद आशीष केशरवानी सहित जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।



