बेमेतरा में 10 दिन बाद सुलझी महिला की अंधी हत्या, पुरानी रंजिश में हत्या के बाद शव के किए टुकड़े, आरोपी गिरफ्तार

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में एक महिला की निर्मम हत्या और शव के टुकड़े कर नदी में फेंकने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। करीब 10 दिनों तक चली जांच के बाद पुलिस ने गांव के ही एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते महिला की हत्या की, फिर पहचान छिपाने के लिए शव के हाथ-पैर काटकर दो अलग-अलग गठरियों में बांधकर शिवनाथ नदी में फेंक दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ड्रोन, नाव और सर्च लाइट की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया था।
पुलिस के अनुसार, सोनपुरी निवासी गोवर्धन बंजारे ने अपनी मां दुकलहिन बाई (50) के 7 जुलाई से लापता होने की रिपोर्ट थाना चंदनू में दर्ज कराई थी। परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। 9 जुलाई को तलाश के दौरान अमरैया नाला-शिवनाथ नदी के किनारे ग्राम तुमा के पास दो संदिग्ध गठरियां मिलीं।
पहली गठरी खोलने पर महिला का धड़ और सिर मिला, जबकि दूसरी गठरी में दोनों हाथ और पैर अलग-अलग कटे हुए मिले। शव साड़ी, चादर, कंबल और पॉलीथिन में लिपटा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य और पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव और एसडीओपी भूषण एक्का के नेतृत्व में थाना चंदनू और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मौके पर डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से जांच की। तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ वैज्ञानिक और पारंपरिक दोनों तरीकों से जांच को आगे बढ़ाया गया। आरोपी की तलाश के लिए ड्रोन, नाव और सर्च लाइट का भी उपयोग किया गया।
लगातार पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का शक गांव के ही रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली (42) पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतका के पति से उसकी पुरानी रंजिश थी। 6 जुलाई की रात करीब 10 बजे वह महिला के घर पहुंचा। घर में महिला अकेली थी। आरोपी ने उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने लकड़ी के हैंडल वाले फावड़े से महिला के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने शव के साथ भी गलत हरकत की। इसके बाद अपराध छिपाने के उद्देश्य से घर में रखी लकड़ी काटने वाली आरी से शव के दोनों हाथ कंधे से और दोनों पैर जांघ के पास से काट दिए। शव के अलग-अलग हिस्सों को दो गठरियों में बांधकर पहले अपनी झोपड़ी में छिपाकर रखा और अगले दिन रात में शिवनाथ नदी में ले जाकर फेंक दिया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी महिला के घर से 2,500 रुपये भी ले गया था। इनमें से 2,000 रुपये उसने खर्च कर दिए, जबकि 500 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा, आरी और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली पहले भी वर्ष 2017 में गांव की एक महिला की हत्या के मामले में सजा काट चुका है। उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी हो चुकी है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है। मामले की विवेचना जारी है।



