वार्ड क्रमांक 07 में बछड़े के आतंक से दहशत, कई लोग घायल

सीएमओ ज्ञानपुंज कुमित्र के निर्देश पर रेस्क्यू, जिला पशु चिकित्सालय भेजा गया
सारंगढ़। सारंगढ़ नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 07 स्थित जेलपारा एवं आसपास के मोहल्लों में पिछले चार-पांच दिनों से एक उग्र बछड़े के आतंक से लोग परेशान रहे। राह चलते लोगों पर अचानक हमला करने की वजह से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था। बछड़े के हमले में अब तक कई लोग घायल हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार बछड़ा लगातार मोहल्ले की गलियों में घूमकर राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों पर हमला कर रहा था। स्थिति ऐसी हो गई थी कि लोगों ने घरों से निकलना तक कम कर दिया था। क्षेत्रवासियों का कहना है कि समस्या कई दिनों से बनी हुई थी, लेकिन समय पर उचित कार्रवाई नहीं होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
मामले की जानकारी मिलते ही नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) ज्ञानपुंज कुमित्र ने तत्काल संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर नगर पालिका की गौ-स्क्वॉड टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद बछड़े का रेस्क्यू किया गया। इसके बाद घायल एवं आक्रामक बछड़े को उपचार और देखरेख के लिए जिला पशु चिकित्सालय भेज दिया गया।
बछड़े को हटाए जाने के बाद जेलपारा सहित आसपास के मोहल्लों के लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय नागरिकों ने त्वरित कार्रवाई के लिए सीएमओ ज्ञानपुंज कुमित्र और नगर पालिका टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।




