प्रेम संबंध में विवाद के बाद युवती ने प्रेमी पर किया चाकू से हमला, सकरी थाना में घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध को लेकर उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब आपसी विवाद के बाद एक युवती ने अपने प्रेमी पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और डायल-112 की टीम को मौके पर पहुंचना पड़ा।
जानकारी के अनुसार युवक पहले से शादीशुदा है और अपने परिवार से अलग होकर सकरी स्थित अटल आवास में दूसरी महिला के साथ रह रहा था। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध बताए जा रहे हैं। उनके साथ एक छोटी बच्ची भी रह रही थी। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद युवती ने गुस्से में युवक पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सकरी थाना लेकर आई। थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच घंटों तक समझाइश का दौर चलता रहा। बाद में मामला कोर्ट पहुंचा, जहां दोनों पक्षों ने स्टाम्प पेपर पर आपसी समझौता कर अलग-अलग रहने की सहमति दी।
हालांकि समझौते के बाद भी थाना परिसर में काफी देर तक विवाद और हंगामे की स्थिति बनी रही। युवती द्वारा किए गए हंगामे की चर्चा क्षेत्र में होती रही। वहीं स्थानीय लोगों के बीच युवती के शराब सेवन को लेकर भी चर्चाएं रहीं, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।फिलहाल यह मामला सकरी क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।




