Chhattisgarh

झोराघाट में दर्दनाक हादसा: गहरे पानी में डूबने से युवक की मौत, अस्पताल में हंगामा

कोरबा/कटघोरा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट झोराघाट में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। परिवार के साथ पिकनिक मनाने गए एक युवक की नदी के गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटघोरा मेन रोड निवासी अलाउद्दीन (पिता ताजुद्दीन) शनिवार को अपने परिवार के साथ झोराघाट घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान वह नदी में नहाने उतरा। बताया जा रहा है कि नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह पानी की गहराई में समा चुका था। काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला गया।

घटना के बाद परिजन गंभीर हालत में अलाउद्दीन को उपचार के लिए हरिकृष्ण हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर समय पर उपचार और आपातकालीन सुविधा उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया। इस दौरान अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनाव और हंगामे की स्थिति बनी रही।

बताया जा रहा है कि अलाउद्दीन अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गौरतलब है कि झोराघाट क्षेत्र में नदी के बीच गहरे गड्ढों और तेज बहाव के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। प्रशासन ने लोगों से पिकनिक स्थलों पर सावधानी बरतने तथा गहरे पानी में नहीं जाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button