Entertainment

मनोज बाजपेयी स्टारर ‘गवर्नर’ के टीज़र ने मचाई धूम, नेटिज़न्स बोले— “बॉलीवुड को ऐसी सच्ची कहानियां और बनानी चाहिए”

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी की आगामी फिल्म गवर्नर का दमदार टीज़र रिलीज़ होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। सच्ची घटनाओं से प्रेरित इस फिल्म में 1990 के दशक में भारत की सबसे बड़ी आर्थिक मंदी की कहानी को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा। टीज़र में मनोज बाजपेयी एक ऐसे किरदार में नजर आ रहे हैं, जिसे देखकर दर्शक काफी उत्साहित हैं।

फिल्म के टीज़र को दर्शकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। सोशल मीडिया पर यूज़र्स इसकी कहानी, प्रस्तुति और संवादों की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूज़र ने लिखा, “बॉलीवुड को ऐसी अनकही सच्ची कहानियां और बनानी चाहिए।” वहीं दूसरे यूज़र ने प्रतिक्रिया दी, “क्या बवाल टीज़र है… मजा आ गया!”

कई दर्शकों ने फिल्म निर्माता विपुल अमृतलाल शाह की विषय चयन की सराहना भी की। एक नेटिज़न ने लिखा, “विपुल शाह हमेशा रिस्की सब्जेक्ट चुनते हैं और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। टीज़र काफी हार्ड-हिटिंग लगा।” वहीं एक अन्य यूज़र ने कहा, “हर इंसान को देश के इस डार्क इतिहास के बारे में जानना चाहिए।”

फिल्म में मनोज बाजपेयी आरबीआई गवर्नर के किरदार में नजर आएंगे। दमदार संवादों और गंभीर विषयवस्तु से भरपूर इस फिल्म का निर्देशन चिन्मय मंडलेकर ने किया है। फिल्म का निर्माण सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले विपुल अमृतलाल शाह ने किया है, जबकि सह-निर्माता आशिन ए. शाह हैं।

फिल्म की कहानी सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भारत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने मिलकर लिखी है। वहीं गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं और संगीत अमित त्रिवेदी ने दिया है।

सच्ची घटनाओं पर आधारित यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

Related Articles

Back to top button