जांजगीर-चांपा में प्रदर्शन तेज: विधायक ब्यास कश्यप ने समर्थकों संग कलेक्टर कार्यालय के सामने किया धरना, पुलिस बैरिकेड तोड़कर पहुंचे गेट तक

जांजगीर-चांपा, 04 मई। जिले की राजनीति उस समय गरमा गई जब व्यास कश्यप अपने समर्थकों के साथ कलेक्टर कार्यालय के सामने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन के लिए पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को लेकर स्थिति तनावपूर्ण हो गई और झड़प के बाद प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़ते हुए कलेक्टर कार्यालय गेट तक पहुंच गए।
चिलचिलाती धूप के बीच बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ विधायक कश्यप कलेक्टर कार्यालय के सामने डटे रहे और सत्याग्रह आंदोलन शुरू किया। इस दौरान कई प्रदर्शनकारी छाता लेकर धूप से बचते नजर आए, लेकिन विरोध प्रदर्शन जारी रहा।
प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए राघवेन्द्र सिंह भी मौके पर पहुंचे, जिससे आंदोलन को और बल मिला। दोनों विधायकों ने प्रशासन और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
विधायक कश्यप ने आरोप लगाया कि विधायक निधि, जिला खनिज न्यास (DMF) और CSR फंड की राशि पर प्रभारी मंत्री द्वारा रोक लगाई जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इन फंड्स की स्वीकृति में पक्षपात किया जा रहा है और केवल बीजेपी नेताओं के प्रस्तावों को मंजूरी दी जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि विधायक निधि, DMF और CSR की राशि संबंधित विधायक के प्रस्ताव के आधार पर पारदर्शी तरीके से जारी की जाए। आंदोलन के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर प्रशासन सतर्क है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। यह मुद्दा आने वाले दिनों में जिले की राजनीति में और तूल पकड़ सकता है।




