Chhattisgarh

कोरबा में नशे में ड्राइविंग पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 2 दिन में 68 चालकों पर कार्रवाई

कोरबा, 04 मई । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए नशे में वाहन चलाने वालों पर बड़ी कार्रवाई की है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस और यातायात पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर महज दो दिनों में 68 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में जिलेभर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों की सघन जांच की गई। जांच में कई चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नशे में वाहन चलाना न सिर्फ चालक के लिए बल्कि अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बनता है। इसी को ध्यान में रखते हुए लगातार अभियान चलाकर ऐसे लापरवाह चालकों पर सख्ती बरती जा रही है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाना है।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button