Chhattisgarh

धमतरी में हेरोइन बेचते युवक गिरफ्तार, 34 हजार से अधिक की सामग्री जब्त

धमतरी, 27 मार्च 2026। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और सफलता मिली है। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) बेचते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से हेरोइन सहित कुल 34,010 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आमातालाब स्थित यादव समाज भवन के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से हेरोइन की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान आरोपी ऋषभ सोनी (26 वर्ष), निवासी रिसाईपारा धमतरी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1.45 ग्राम हेरोइन (कीमत लगभग 29,000 रुपये), एक मोबाइल फोन (कीमत लगभग 5,000 रुपये), नगद 10 रुपये तथा दो सिल्वर पेपर बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 34,010 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 85/26 के तहत धारा 21(ए) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button