जांजगीर-नैला में गर्मी से पहले तालाब भरने की तैयारी तेज, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल हुईं सक्रिय

जांजगीर-नैला। आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जांजगीर-नैला नगर पालिका में जल संरक्षण और जल उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में पहल तेज कर दी गई है। नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल के नेतृत्व में नगर क्षेत्र के तालाबों में पानी भरवाने की कवायद शुरू कर दी गई है, ताकि गर्मी के दिनों में जल संकट की स्थिति से बचा जा सके।
बताया जा रहा है कि नगर पालिका क्षेत्र के प्रमुख तालाबों में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इस संबंध में नगर पालिका के सभापति अजित गढ़ेवाल ने भी पहले ही जांजगीर-चांपा कलेक्टर को पत्र लिखकर नगर क्षेत्र के तालाबों को भरवाने की मांग की थी।
नगर पालिका द्वारा तालाबों में पानी भरने की पहल से जहां जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, वहीं स्थानीय लोगों और मवेशियों को भी गर्मी के मौसम में पानी की सुविधा मिल सकेगी। नगरवासियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे समयानुकूल कदम बताया है।
नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि गर्मी के मौसम में संभावित जल संकट को देखते हुए तालाबों को भरने और उनके संरक्षण के लिए आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।




