जांजगीर-चांपा में हृदयविदारक घटना: इकलौते बेटे की मौत के सदमे में माता-पिता ने लगाई फांसी

जांजगीर चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां इकलौते बेटे की सड़क हादसे में मौत के बाद सदमे में डूबे दंपति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के धरदेई गांव का बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान रमाबाई पटेल (47) और कृष्णा पटेल (48) के रूप में हुई है। दोनों का इकलौता बेटा कुछ दिन पहले सड़क दुर्घटना में काल का ग्रास बन गया था। बेटे की असमय मौत के बाद से दंपति गहरे मानसिक आघात में थे और बेहद परेशान बताए जा रहे थे।
सोमवार सुबह ग्रामीणों ने घर के पास पेड़ पर पति-पत्नी के शव एक साथ फंदे से लटके देखे। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। मौके पर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में बेटे की मौत के सदमे में आत्मघाती कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और परिजनों व स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




