हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी

17 पदों पर होगा मतदान, 30% महिला आरक्षण लागू
बिलासपुर। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के आगामी चुनावों को लेकर अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। इस बार चुनाव कुल 17 पदों के लिए कराए जाएंगे, जिनमें 5 पद महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे। यह परिवर्तन सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया के निर्देशों के अनुपालन में किया गया है, जिसके तहत स्टेट बार काउंसिल ने बार एसोसिएशन को 30 प्रतिशत महिला आरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
अब तक बार एसोसिएशन के चुनाव 15 पदों पर होते थे, जिनमें महिलाओं के लिए केवल दो पद आरक्षित थे। नई व्यवस्था के तहत उपाध्यक्ष (महिला), संयुक्त सचिव (महिला), खेल एवं सांस्कृतिक सचिव (महिला) तथा कार्यकारिणी के दो पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। इससे बार एसोसिएशन में महिला अधिवक्ताओं की भागीदारी और नेतृत्व को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
पदों के लिए अनुभव मानक तय
चुनाव प्रक्रिया के तहत विभिन्न पदों के लिए अनुभव की न्यूनतम अवधि भी निर्धारित की गई है। अध्यक्ष पद के लिए कम से कम 20 वर्ष की सक्रिय वकालत अनिवार्य होगी। वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष (महिला) और सचिव के लिए 15 वर्ष, संयुक्त सचिव, संयुक्त सचिव (महिला) एवं कोषाध्यक्ष के लिए 10 वर्ष का अनुभव आवश्यक होगा। पुस्तकालय सचिव के लिए 15 वर्ष, खेल एवं सांस्कृतिक सचिव (वरिष्ठ/महिला) के लिए 7 वर्ष, जबकि कार्यकारिणी सदस्य (सामान्य/महिला) के लिए न्यूनतम 5 वर्ष की सक्रिय प्रैक्टिस तय की गई है।
1418 अधिवक्ता मतदाता सूची में शामिल
दावे-आपत्तियों के निराकरण के बाद जारी अंतिम मतदाता सूची में कुल 1418 अधिवक्ताओं के नाम शामिल किए गए हैं।
चुनाव कार्यक्रम
27 जनवरी: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन (पूर्ण)
28 से 30 जनवरी: नामांकन पत्रों का वितरण एवं जमा
31 जनवरी: नामांकन की जांच
12 फरवरी: मतदान (सुबह 10:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक)
13 फरवरी: मतगणना एवं परिणाम घोषणा
16 फरवरी: निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र वितरण
बार एसोसिएशन के इस चुनाव को महिला प्रतिनिधित्व और पारदर्शी प्रक्रिया के लिहाज से अहम माना जा रहा है।










