भगवान सहस्त्रबाहु के जयघोष से गूंज उठा कलचुरी भवन — हर्षोल्लास से मनाई गई भगवान सहस्त्रबाहु जयंती

कोरबा। मिशन रोड स्थित कलचुरी जायसवाल भवन में मंगलवार की रात सर्ववर्गीय जायसवाल कलार समाज द्वारा अपने आराध्य देव भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की जयंती बड़े ही श्रद्धा, आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और आरती के साथ हुआ, जिसके बाद पूरा परिसर “जय सहस्त्रबाहु भगवान की जय” के जयघोष से गूंज उठा। समाज के लोगों ने भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन को बल, पराक्रम, संगठन, न्याय और नेतृत्व का प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम में सर्ववर्गीय जायसवाल कलार समाज के अध्यक्ष रामगोपाल डिक्सेना, संरक्षक अशोक जायसवाल, युवा सभा के अध्यक्ष संजय जायसवाल, संरक्षक एवं प्रेस क्लब कोरबा के अध्यक्ष राजेन्द्र जायसवाल, वरिष्ठ सदस्य मनोज पराशर तथा पोंडीबहार की पार्षद श्रीमती चंद्रकली जायसवाल मंचासीन रहे।

अध्यक्ष रामगोपाल डिक्सेना ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि यह गर्व की बात है कि आज देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी समाज के लोग एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि चाहे उपनाम (सरनेम) अलग हो या रहन-सहन का तरीका भिन्न, लेकिन सभी भगवान सहस्त्रबाहु को आराध्य मानकर पूजते हैं। समाज की एकता को बनाए रखना ही हमारा लक्ष्य रहा है, और इसी एकजुटता के प्रयास का परिणाम है कि आज कोरबा, कटघोरा, छुरी, पाली, दीपका सहित गांव-गांव में भगवान सहस्त्रबाहु की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई जा रही है।
श्री डिक्सेना ने बताया कि समाज की इस एकता के चलते मुख्यमंत्री ने कटघोरा में भगवान सहस्त्रबाहु चौक, गार्डन और 100 बेड अस्पताल की सौगात दी है, जो कटघोरा को नई पहचान देगी। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के इंदौर से करीब 100 किलोमीटर दूर माहिष्मति (आधुनिक महेश्वर) में भगवान सहस्त्रबाहु की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित है। वे वहां शिवलिंग के रूप में स्थापित हैं और देवी अहिल्याबाई ने इसी स्थान को अपनी राजधानी बनाया था। उन्होंने समाज के सभी लोगों से 9 नवंबर को रतनपुर में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
संरक्षक राजेन्द्र जायसवाल ने अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री द्वारा कटघोरा में भगवान सहस्त्रबाहु चौक, गार्डन और 100 बेड अस्पताल की घोषणा तथा कोरबा के कलचुरी जायसवाल भवन के विकास के लिए 25 लाख रुपये की स्वीकृति पर समाज की एकजुटता को सराहा। उन्होंने गौ माता चौक में होने वाले आगामी सामाजिक कार्यक्रम की जानकारी दी और समाज के सभी सदस्यों की अनिवार्य उपस्थिति का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अनिल जायसवाल, मनीष जायसवाल, भास्कर जायसवाल, राधा जायसवाल, मिथलेश जायसवाल, धमेंद्र जायसवाल, मधुसूदन जायसवाल, उमेश जायसवाल, अमरनाथ कौशिक, के.बी. कौशिक, विशाल जायसवाल, विजय जायसवाल, प्रदीप जायसवाल, मनमोहन कौशिक, नितिन जायसवाल, डी.पी. जायसवाल, बाबू जायसवाल, अमर जायसवाल, शिव जायसवाल, हरीश डिक्सेना, सुनील जायसवाल, बबलू जायसवाल, जय जायसवाल, नरेंद्र जायसवाल, शौर्य जायसवाल, संदीप जायसवाल, अमित जायसवाल, राजेश जायसवाल, नारायण जायसवाल, नवधालाल, रौशन जायसवाल, आशीष जायसवाल, बजरंग जायसवाल, प्रतीक जायसवाल, वीरेंद्र जायसवाल, रमेश जायसवाल, संजीव जायसवाल, रानू जायसवाल, राहुल डिक्सेना, देवेंद्र जायसवाल, विष्णुराम डनसेना, सत्या जायसवाल, अमर जायसवाल, अमित डनसेना, आशुतोष जायसवाल, विजय जायसवाल, रामबिहारी डिक्सेना, कुणाल जायसवाल, हर्ष जायसवाल, रजनी जायसवाल, पिंकी जायसवाल, सुमन जायसवाल, भुवनेश्वर महतो सहित समाज के बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर श्रीमती पल्लवी जायसवाल ने कार्यक्रम का संचालन किया।
पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और सौहार्द का वातावरण बना रहा, और भगवान सहस्त्रबाहु की जयघोष से कलचुरी भवन गूंजता रहा।
 
				


