CG NEWS: इनोवा क्रिस्टा से गांजा तस्करी करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, 6.154 किलो गांजा और कार जब्त

0 भाटापारा ग्रामीण पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, ग्राम खोखली के पास पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर भाग गया था आरोपी
बलौदाबाजार-भाटापारा, 13 नवंबर 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे एक अंतरजिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान योगेश कुमार उर्फ गोलू (28 वर्ष), निवासी वैशाली नगर, दीनदयाल कॉलोनी, थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक इनोवा क्रिस्टा कार क्रमांक CG 04 LV 2454 में गांजा भरकर अर्जुनी से खोखली होते हुए हथबंद की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने ग्राम खोखली के पास घेराबंदी कर नाकेबंदी की। इस दौरान संदिग्ध कार चालक पुलिस को देखकर घबरा गया और वाहन तेजी से मोड़कर भागने लगा। कुछ दूर जाने के बाद वह कार को सड़क किनारे छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो सीट के पीछे सेलो टेप से लिपटे तीन पैकेटों में कुल 6.154 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत करीब 61 हजार 540 रुपये आंकी गई। पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल इनोवा कार को जब्त कर थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्रमांक 664/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने वाहन के दस्तावेजों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी गांजा लेने ओडिशा गए थे और वापसी के दौरान पुलिस की चेकिंग देखकर वाहन छोड़कर फरार हो गए थे। थाना भाटापारा ग्रामीण और साइबर सेल की संयुक्त टीम लगातार तकनीकी विश्लेषण और छानबीन कर रही थी।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने फरार आरोपी योगेश कुमार उर्फ गोलू को 13 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के विशेष न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
SP गौरव राय के निर्देशन में जिले में अवैध गांजा, शराब सहित अन्य मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।




