Chhattisgarh

57वीं केंद्रीय कार्यसमिति बैठक सम्पन्न, बालको के वरुण पांडेय बने उपमहामंत्री

कोरबा, 28 सितम्बर। भारतीय मजदूर संघ की औद्योगिक इकाई भारतीय खनिज धातु मजदूर महासंघ की दो दिवसीय 57वीं केंद्रीय कार्यसमिति बैठक झारखंड के लोहरदगा में आयोजित हुई। बैठक भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय महामंत्री सुरेंद्र कुमार पांडेय के मार्गदर्शन तथा महासंघ के अध्यक्ष चंद्रशेखर पंडित की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों की भागीदारी, श्रमिक हितों से जुड़े विषयों तथा श्रम कानूनों पर विस्तार से चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया।

कार्यसमिति की बैठक में संगठन के विस्तार और आगामी गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। सर्वसम्मति से राजस्थान के देवेंद सारस्वत को कार्यकारी अध्यक्ष, कोरबा छत्तीसगढ़ के वरुण पांडेय को उपमहामंत्री, राजस्थान के प्रतीक सिंह राणावत को संगठन मंत्री, मध्य प्रदेश के राम नरेश भारती को कार्यालय मंत्री तथा झारखंड के उमेश को सह मंत्री का दायित्व सौंपा गया। बालको से जुड़े वरुण पांडेय को भारतीय खनिज धातु मजदूर महासंघ का उपमहामंत्री बनाए जाने पर संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की।

बैठक में माइनिंग सेक्टर और विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों एवं ट्रेड यूनियनों की भूमिका, श्रमिकों की समस्याओं तथा श्रम कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही नॉन-कोल क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों की समस्याओं को लेकर देशव्यापी स्तर पर आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने पर भी विचार किया गया।

बैठक का संचालन महासंघ के महामंत्री भोला सोनी ने किया। इस अवसर पर नॉन-कोल सह प्रभारी डीके पांडेय, झारखंड के क्षेत्रीय संगठन मंत्री धर्मदास शुक्ला, प्रांत संघचालक सच्चिदानंद, झारखंड प्रदेश महामंत्री राजीव रंजन सहित विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे। बालको की ओर से उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, कार्यकारी सदस्य प्रशांत शेंडे तथा मीडिया प्रभारी विश्वजीत मंडल ने बैठक में सहभागिता की। देश के विभिन्न हिस्सों से माइनिंग एवं औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े 24 उद्योगों और खान सेक्टर के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया।

कार्यसमिति की बैठक में संगठन को नॉन-कोल क्षेत्र में और अधिक मजबूत बनाने तथा मजदूरों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने पर जोर दिया गया। बैठक में तय किया गया कि श्रमिकों से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठनात्मक स्तर पर आगे की रणनीति तैयार कर चरणबद्ध तरीके से आंदोलनात्मक कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button