Chhattisgarh

432 गांवों में गूंजी साइबर सुरक्षा की आवाज, डेढ़ लाख से अधिक लोगों ने बांधी ‘साइबर जागृति की राखी’

जांजगीर-चांपा। साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा शुरू किए गए अभिनव अभियान ‘एक राखी साइबर जागृति की’ का गुरुवार को जिलेभर में व्यापक स्तर पर शुभारंभ हुआ। अभियान के तहत जिले के 432 गांवों सहित शहरी वार्डों, शासकीय कॉलेजों, हायर सेकेंडरी स्कूलों और शासकीय कार्यालयों में एक साथ लोगों को ‘साइबर जागृति की राखी’ बांधी गई। इस दौरान करीब 1.50 लाख से अधिक लोगों ने साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूकता का संकल्प लिया।

जिला स्तरीय शुभारंभ समारोह जांजगीर स्थित ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर जनमेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड छत्तीसगढ़ की राज्य प्रभारी सोनल राजेश शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार, डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, साइबर प्रभारी भास्कर शर्मा सहित पुलिस अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने राखी के पवित्र बंधन को साइबर सुरक्षा से जोड़ते हुए कहा कि जिस तरह राखी बहन की रक्षा का संकल्प दिलाती है, उसी तरह समाज के प्रत्येक व्यक्ति को एक-दूसरे को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने लोगों से साइबर ठगी के मामलों में सतर्कता बरतने की अपील की।

अभियान के दौरान पुलिस, ग्राम कोटवार और महिला कमांडो ने विभिन्न स्थानों पर लोगों को राखी बांधकर साइबर अपराधों से सतर्क रहने की शपथ दिलाई। लोगों को फर्जी लिंक पर क्लिक नहीं करने, अनजान कॉल पर ओटीपी और बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की जानकारी दी गई। साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील भी की गई।

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होगा अभियान

एक साथ जिले के 432 गांवों में साइबर जागरूकता अभियान चलाए जाने की इस पहल को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया जाएगा। अभियान के सत्यापन के लिए गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड छत्तीसगढ़ की राज्य प्रभारी सोनल राजेश शर्मा कार्यक्रम में मौजूद रहीं। सत्यापन के बाद उन्होंने अभियान का प्रमाण-पत्र पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय को प्रदान किया।

‘साइबर जागृति की राखी’ तैयार करने में जिला पुलिस के साथ महिला कमांडो, महिला स्व-सहायता समूहों और जिला जेल के कैदियों का भी सराहनीय योगदान रहा। पुलिस का यह अभियान गांव से शहर तक साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

‘राखी का बंधन, साइबर सुरक्षा का संकल्प—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।’

Related Articles

Back to top button