छत्तीसगढ़ राजभाषा दिवस पर साहित्यकार दुर्गा प्रसाद पारकर ने दी शुभकामनाएँ

छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और जन-जन तक विस्तार का दिया संदेश
छत्तीसगढ़ राजभाषा दिवस के पावन अवसर पर एम.ए. छत्तीसगढ़ी के प्रवर्तक एवं वरिष्ठ साहित्यकार श्री दुर्गा प्रसाद पारकर ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ी भाषा की महत्ता, उपयोगिता और सामाजिक-सांस्कृतिक भूमिका पर सारगर्भित विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं होती, बल्कि वह किसी समाज की संस्कृति, परंपरा, लोकजीवन, इतिहास और सामूहिक अस्मिता की पहचान होती है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी हमारी माटी की महक, लोकसंस्कृति की आत्मा और जनमानस की अभिव्यक्ति है। इस भाषा में हमारी लोकगाथाएँ, लोकगीत, कहावतें, मुहावरे, लोककथाएँ और पीढ़ियों का अनुभव समाहित है। छत्तीसगढ़ी भाषा का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब इसका उपयोग घर-परिवार, शिक्षा, साहित्य, प्रशासन, सामाजिक आयोजनों और दैनिक व्यवहार में बढ़े।
उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि अपनी मातृभाषा के प्रति सम्मान का भाव केवल उत्सवों और समारोहों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे व्यवहार में अपनाना चाहिए। नई पीढ़ी को छत्तीसगढ़ी भाषा के साहित्य, लोकपरंपरा और समृद्ध शब्द-संपदा से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
अंत में उन्होंने प्रदेशवासियों से छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार में सहभागी बनने का आह्वान किया।
उनका संदेश स्पष्ट था—अपन भाखा के मान बढ़ाबो, अपन संस्कृति के पहचान बचाबो। छत्तीसगढ़ी के सम्मान म हमर छत्तीसगढ़ के सम्मान हे।




