Entertainment

25 साल बाद फिर टीवी पर लौटेंगे अनिल कपूर, ‘इंडिया के टॉप 1%’ में संभालेंगे सबसे बड़े गेम शो की कमान

मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर एक बार फिर दर्शकों के बीच नए अंदाज में नजर आने वाले हैं। फिल्म ‘नायक’ में शिवाजी राव का किरदार निभाकर लोकप्रियता हासिल करने के 25 साल बाद अनिल कपूर अब टेलीविजन पर गेम शो की मेजबानी करते दिखाई देंगे।

अनिल कपूर स्टार प्लस के नए गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ को होस्ट करेंगे। शो की पहली झलक सामने आ चुकी है, जिसमें भव्य मंच और रोमांचक मुकाबले की झलक देखने को मिल रही है।

इस गेम शो में 100 खिलाड़ी एक साथ मुकाबला करेंगे। पूरे सीजन में कुल 26 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दांव पर होगी। प्रतियोगियों को रोजमर्रा की समझ, तर्कशक्ति और बारीकी से चीजों को परखने की क्षमता पर आधारित 13 चुनौतीपूर्ण राउंड्स से गुजरना होगा।

हर खिलाड़ी 1 लाख रुपये की राशि के साथ खेल की शुरुआत करेगा। गलत जवाब देने पर राशि साझा प्राइज पॉट में जुड़ती जाएगी और यह रकम बढ़कर 1 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। शो की खास थीम है— “जिस कंटेस्टेंट को बात खटकी, उसकी जीत पक्की!”

अलग-अलग क्षेत्रों से आए 100 खिलाड़ी एक ही मंच पर अपनी समझ और तर्कशक्ति का प्रदर्शन करेंगे। शो में प्रतियोगियों के साथ-साथ दर्शकों के लिए भी कई मजेदार और रोमांचक पल देखने को मिलेंगे।

अनिल कपूर अपनी खास ऊर्जा और ‘झकास’ अंदाज के साथ इस शो के जरिए टीवी पर नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ का प्रीमियर 19 सितंबर को रात 8 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा।

Related Articles

Back to top button