शराब पीकर वाहन चलाना पड़ा महंगा, 2 चालकों पर 20 हजार रुपए का जुर्माना, लाइसेंस निलंबन की भी होगी कार्रवाई

बलौदाबाजार-भाटापारा, 27 अक्टूबर 2026। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गिधौरी थाना पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने वाले दो चालकों को पकड़ा। दोनों मामलों में न्यायालय ने वाहन चालकों पर 10-10 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया है। इस प्रकार दोनों चालकों को कुल 20 हजार रुपए के जुर्माने से दंडित किया गया है।
SP गौरव राय के निर्देशन में जिलेभर में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत गिधौरी थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान ब्रेथ एनालाइजर की सहायता से चालकों की जांच की। इस दौरान दो वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए।
पुलिस ने दोनों चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहनों को विधिवत जब्त किया। इसके बाद दोनों प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए गए। मंगलवार, 27 अक्टूबर को न्यायालय ने दोनों मामलों में सुनवाई करते हुए वाहन चालकों पर अलग-अलग 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।
पुलिस के अनुसार, शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े गए दोनों चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभाग को आवश्यक प्रक्रिया के तहत प्रस्ताव भेजा जाएगा।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




