Chhattisgarh

रायगढ़ में GPS ट्रैकर से पकड़ा गया चावल-शक्कर चोर गिरोह, 5 आरोपी गिरफ्तार, क्रेटा-इनोवा समेत 38.60 लाख की संपत्ति जब्त

रायगढ़, 27 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शासकीय राशन दुकानों से लगातार चावल और शक्कर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुसौर पुलिस ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए शक्कर की बोरी में GPS ट्रैकर छिपाकर चोरों को पकड़ने की योजना बनाई। यह तरकीब कामयाब रही और पुलिस ने पत्थलगांव में दबिश देकर गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में चार चोरी की वारदातों में शामिल बताए गए हैं, जबकि एक आरोपी चोरी का माल खरीदने वाला है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 115 बोरी चावल, 2 बोरी शक्कर और वारदात में इस्तेमाल क्रेटा व इनोवा कार सहित कुल 38 लाख 60 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।

रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में पिछले कई महीनों से शासकीय उचित मूल्य दुकानों में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। चोर रात के अंधेरे में दुकानों के ताले तोड़कर चावल और शक्कर की बोरियां पार कर देते थे। ग्राम औरदा, तड़ोला, कवाहरिहा, चिखली, बासनपाली, बोंडा, खोखरा, कोतमरा, नवापारा सहित कई गांवों की राशन दुकानों को निशाना बनाया गया था। लगातार हो रही चोरियों से परेशान राशन दुकान संचालकों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी।

एसएसपी के निर्देश पर पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस ने चोरी की घटनाओं का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि आरोपी तेज रफ्तार वाहनों से गांवों में पहुंचते थे और चोरी करने के बाद तुरंत फरार हो जाते थे। सभी घटनाओं में चोरी का तरीका लगभग एक जैसा होने के कारण पुलिस को संगठित गिरोह के सक्रिय होने का संदेह हुआ।

Oplus_16908288

इसके बाद पुलिस ने राशन दुकान संचालकों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सीसीटीवी कैमरों के साथ GPS ट्रैकर लगाने की सलाह दी। कई संचालकों के लिए सीसीटीवी लगवाना महंगा था, इसलिए कम लागत वाले GPS ट्रैकर का विकल्प अपनाया गया। पुलिस की सलाह पर एक शक्कर की बोरी में GPS ट्रैकर छिपाकर रखा गया। पुलिस को पहले की घटनाओं से जानकारी मिली थी कि चोर अक्सर शक्कर की बोरियां पहले उठाते हैं।

25 और 26 अक्टूबर की दरमियानी रात ग्राम कोतमरा की शासकीय उचित मूल्य दुकान में चोरों ने फिर धावा बोल दिया। इस बार आरोपी उस शक्कर की बोरी को भी चोरी कर ले गए, जिसमें GPS ट्रैकर लगा हुआ था। आरोपियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। चोरी की जानकारी मिलते ही पुसौर पुलिस ने अपराध दर्ज कर ट्रैकर की लोकेशन के आधार पर आरोपियों का पीछा शुरू किया।

GPS ट्रैकर से मिले संकेतों के अनुसार आरोपी रायगढ़ से धरमजयगढ़ की ओर बढ़ रहे थे। पुसौर पुलिस के साथ घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू और रैरूमाखुर्द चौकी प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव की टीम भी कार्रवाई में शामिल हुई। संयुक्त पुलिस टीम ट्रैकर की लोकेशन का पीछा करते हुए जशपुर जिले के पत्थलगांव पहुंच गई।

पत्थलगांव में पुलिस को राशन दुकान संचालक सेवाल कुजूर के पास GPS ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी मिली। पूछताछ में उसने बताया कि मोहम्मद हफीज, समीर आलम, डमरूधर खूंटे और संतोष कुमार माहेश्वरी चोरी का माल बेचने के लिए उसके पास छोड़कर गए थे। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने पत्थलगांव और आसपास के इलाकों में दबिश देकर सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक क्रेटा और एक इनोवा कार भी बरामद की। दोनों वाहनों में चावल की बोरियां भरी हुई थीं। पूछताछ में आरोपियों ने पुसौर थाना क्षेत्र की तीन चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता बताई है। पुलिस के अनुसार, गिरोह पहले भी चोरी का राशन सेवाल कुजूर को बेच चुका था। इस खुलासे के बाद पुलिस अन्य चोरी की घटनाओं से भी आरोपियों के संबंधों की जांच कर रही है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सेवाल कुजूर (52 वर्ष), निवासी कोतबा, जिला जशपुर, हाल मुकाम पत्थलगांव; समीर आलम (26 वर्ष), निवासी कनकपुर, जिला बलरामपुर; मोहम्मद हफीज (26 वर्ष), निवासी शांतिनगर तिलडेगा, जिला जशपुर; संतोष कुमार माहेश्वरी (33 वर्ष) और डमरूधर खूंटे (36 वर्ष), दोनों निवासी गोढ़ीकेला, पत्थलगांव के रूप में की है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों से बरामद 115 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर की अनुमानित कीमत 3 लाख 60 हजार रुपए है। वहीं चोरी में इस्तेमाल क्रेटा और इनोवा कार की कीमत लगभग 35 लाख रुपए आंकी गई है। इस तरह कुल 38 लाख 60 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।

मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए), 331(4) के तहत दर्ज अपराधों में चोरी की संपत्ति खरीदने और संगठित अपराध से संबंधित धारा 317(4), 111 और 3(5) भी जोड़ी गई हैं। पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया कर रही है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार पत्थलगांव से सीतापुर तक सक्रिय अन्य समूहों से भी जुड़े हो सकते हैं। इस दिशा में जांच जारी है। अन्य घटनाओं में संलिप्तता और चोरी का माल खरीदने वाले लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि शासकीय राशन दुकानों में चोरी करने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने अपराध नियंत्रण में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और पुलिस व आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय को महत्वपूर्ण बताया।

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उइके के सुपरविजन में पुसौर, घरघोड़ा और रैरूमाखुर्द पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button