सहकारिता क्षेत्र को मिली नई रफ्तार, कोरबा समेत छह जिलों में खाद की पर्याप्त उपलब्धता: रजनीश सिंह

कोरबा। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को खाद की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। बिलासपुर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह ने रविवार को कोरबा में आयोजित पत्रकार वार्ता में दावा किया कि बैंक के कार्यक्षेत्र में आने वाले कोरबा सहित छह जिलों में उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है और किसानों को खाद के लिए भटकने की आवश्यकता नहीं होगी।
कोरबा प्रेस क्लब के तिलक भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने बताया कि सहकारिता मंत्रालय के गठन के पांच वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई तक पूरे प्रदेश में सहकारिता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत किसानों को सहकारी योजनाओं से जोड़ने, समितियों को सशक्त बनाने और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि रविवार को कोरबा जिले के भैंसमा में आयोजित विशाल कृषक सम्मेलन में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। सम्मेलन में सहकारिता से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक किसानों को सहकारी संस्थाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया।
रजनीश सिंह ने कहा कि छह जिलों में अब तक लगभग 65 प्रतिशत खाद का वितरण किया जा चुका है। सहकारी समितियों में करीब 15 प्रतिशत खाद उपलब्ध है, जबकि 15 से 18 प्रतिशत अतिरिक्त स्टॉक डबल लॉक व्यवस्था के तहत सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने कहा कि खाद की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर किसानों को ध्यान देने की जरूरत नहीं है, क्योंकि पूरे सीजन के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि सहकारिता क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में सोमवार को फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एफसीआई) के माध्यम से प्रदेश में नौ आधुनिक गोदामों का शिलान्यास किया जाएगा। इन गोदामों के बनने से कृषि उपज के सुरक्षित भंडारण की क्षमता बढ़ेगी और किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
पत्रकार वार्ता में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, सहकारिता संयोजक बी.डी. शर्मा तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभात मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे।




