Chhattisgarh

शराब के नशे में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी पति कुछ ही घंटों में गिरफ्तार

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसमुड़ा कुदरीपारा में शराब के नशे में पत्नी की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई को सूचना मिली कि ग्राम भैंसमुड़ा कुदरीपारा में एक महिला की उसके पति द्वारा मारपीट किए जाने से मौत हो गई है। सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में मृतका की पहचान अग्घन बाई धनवार के रूप में हुई। वह अपने पति परदेशी राम धनवार (41 वर्ष) के साथ कुछ दिनों से गांव में रह रही थी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी शराब के नशे में अक्सर पत्नी के साथ विवाद और मारपीट करता था। 19 और 20 जुलाई की दरमियानी रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ। इस दौरान आरोपी ने घर में रखे बांस के डंडे से पत्नी के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने पत्नी की हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद किया गया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

उरगा थाना में अपराध क्रमांक 428/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना उरगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया। कोरबा पुलिस ने नागरिकों से घरेलू हिंसा या किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर गंभीर अपराधों को रोका जा सके।

Related Articles

Back to top button