Chhattisgarh

विश्व पर्यटन दिवस पर जीपीएम जिले को मिला ‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’, धनपुर पर कॉफी टेबल बुक का विमोचन

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पर्यटन के क्षेत्र में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिले की प्राकृतिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक और सांस्कृतिक विरासत के प्रचार-प्रसार तथा पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने जीपीएम जिले को ‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया है।

राजधानी रायपुर में 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड और छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन (सीजीटीटीए) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट मार्केटप्लेस’ कार्यक्रम में यह सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिले की प्रमुख पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक धरोहर धनपुर पर आधारित कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया गया।

कॉफी टेबल बुक का विमोचन पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे, जीपीएम कलेक्टर विजय दयाराम के. और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे ने किया।

धनपुर की ऐतिहासिक और पुरातात्विक विशेषताओं पर केंद्रित इस कॉफी टेबल बुक में क्षेत्र की ऐतिहासिक महत्ता, पुरातात्विक धरोहर और पर्यटन की संभावनाओं को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। इसके माध्यम से धनपुर को प्रदेश और देश के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के साथ जिले के अन्य पर्यटन स्थलों के प्रति भी पर्यटकों की रुचि बढ़ाने का प्रयास किया गया है।

जीपीएम जिला प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ पुरातात्विक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए भी जाना जाता है। जिला प्रशासन द्वारा पर्यटन स्थलों की पहचान, संरक्षण, प्रचार-प्रसार और पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड को इन्हीं प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। यह सम्मान जिले को प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने के प्रयासों को नई दिशा और गति देने में सहायक होगा।

Related Articles

Back to top button