Chhattisgarh

वापी (गुजरात) में विधायक अनुज शर्मा का क्रिकेट में जलवा, सीजी बायसन ने भोजपुरी स्टार्स को हराया

रायपुर/वापी। गुजरात के वापी में आयोजित तीन मैचों की क्रिकेट सीरीज में छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार और धरसीवा विधायक अनुज शर्मा ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। सीजी बायसन और भोजपुरी स्टार्स के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में अनुज शर्मा की तूफानी अर्धशतकीय पारी की बदौलत सीजी बायसन ने शानदार जीत दर्ज की।

मैच के दौरान अनुज शर्मा ने अपनी टीम सीजी बायसन की कप्तानी संभालते हुए आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने मैदान के चारों ओर चौकों और छक्कों की बरसात करते हुए 50 से अधिक रनों की तेजतर्रार पारी खेली। उनकी इस शानदार बल्लेबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह सीजी बायसन के पक्ष में मोड़ दिया और भोजपुरी स्टार्स की टीम दबाव में नजर आई।

अनुज शर्मा की कप्तानी और बल्लेबाजी के दम पर सीजी बायसन ने सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया, जिसे विपक्षी टीम हासिल नहीं कर सकी। दर्शकों ने पूरे मैच के दौरान अनुज शर्मा की बल्लेबाजी का जमकर आनंद लिया और हर चौके-छक्के पर मैदान तालियों से गूंज उठा।

मैच के बाद आयोजित सम्मान समारोह में विधायक अनुज शर्मा ने खेल भावना और सांस्कृतिक एकता को सबसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं, बल्कि विभिन्न राज्यों की संस्कृति और भाईचारे को जोड़ने का जरिया भी है। उन्होंने कहा कि गुजरात की धरती पर छत्तीसगढ़ी और भोजपुरी कलाकारों का यह मुकाबला आपसी संबंधों को और मजबूत करेगा।

अनुज शर्मा ने युवाओं से खेलों के प्रति समर्पित रहने और कला-संस्कृति के माध्यम से देश का नाम रोशन करने की अपील की। उन्होंने अपनी टीम के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास सिखाता है।

वापी में आयोजित इस क्रिकेट सीरीज के दौरान अनुज शर्मा का प्रदर्शन चर्चा का विषय बना रहा। राजनीति और फिल्मी दुनिया के बाद अब क्रिकेट के मैदान पर भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन कर लोगों का दिल जीत लिया।

Related Articles

Back to top button