रायपुर में जांजगीर-चांपा जिले का सम्मान, रेडक्रॉस काउंसिलर्स और विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर बढ़ाया मान
जांजगीर-चांपा। विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में जांजगीर-चांपा जिले के विद्यार्थियों और रेडक्रॉस काउंसिलर्स ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया। कार्यक्रम में जिले के दो उत्कृष्ट जूनियर रेडक्रॉस काउंसिलर्स को सम्मानित किया गया, वहीं छात्र-छात्राओं ने पेंटिंग और नृत्य प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन किया।
राज्य स्तरीय समारोह में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान व्याख्याता दीपक कुमार यादव और सहायक शिक्षक विज्ञान श्वेता जायसवाल को स्वास्थ्य सेवा, मित्रता और रेडक्रॉस गतिविधियों के प्रभावी संचालन में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार सिन्हा तथा एडीएसओ रमेश तिवारी के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न विद्यालयों से 32 छात्र-छात्राओं के दल ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता में अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जबकि नृत्य प्रतियोगिता में आकर्षक फिजिकल डिस्प्ले प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों में पूर्वशी साहू, सोनाली पटेल, मेघा साहू, सुलोचना केंवट, दीपिका साहू, रूखमणी साहू, मुस्कान यादव, प्रतिमा बरेठ, प्रेमेन्द्र साहू, भागीरथी बरेठ, भावेश साहू, शैलेष सोनवानी, साहिल सोनवानी, सागर चौहान, भावना श्रीवास, वर्षा साहू, दुर्गेश्वरी गढ़वाल, उमा कंवर, साक्षी केंवट, रोशनी बिंझवार, भूपेन्द्र कुमार, सेतुल जयशंकर बरेठ, अरमान श्रीवास, अविनाश केंवट, मोहनीश बरेठ, रितेश देवांगन, ईश्वर श्रीवास, प्रियांशु देवांगन, अखिलेश प्रधान, नवी राठौर, देविका बरेठ और पुक्कर साहू शामिल रहे।
दल के सफल संचालन में प्रभारी व्याख्याता डॉ. दीपक कुमार यादव, डॉ. अनिल सिदार, सुश्री वृंदा बिंझवार और सुश्री श्वेता जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। राज्य स्तर पर मिली इस उपलब्धि पर जिले के शिक्षा जगत और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ ने सभी प्रतिभागियों और मार्गदर्शकों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।




