National

रोहतास में भीषण गर्मी का कहर, बीएसएपी-2 के 5 प्रशिक्षु जवान हीट-स्ट्रोक से बेहोश, एक की हालत गंभीर

रोहतास। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों ने रोहतास जिले में कहर बरपाया है। डेहरी स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP-2) में प्रशिक्षण के दौरान भीषण गर्मी की चपेट में आकर 5 से अधिक प्रशिक्षु जवान अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

​दौड़ प्रशिक्षण के दौरान बिगड़ी तबीयत ​जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह बीएसएपी-2 परिसर में प्रशिक्षु जवानों का 16 किलोमीटर की लंबी दौड़ का प्रशिक्षण चल रहा था। सुबह से ही सूरज की तपिश और उमस भरी गर्मी अपने चरम पर थी। इस कठिन शारीरिक प्रशिक्षण के दौरान तेज गर्मी और डिहाइड्रेशन के कारण एक के बाद एक कई जवान लड़खड़ाकर गिरने लगे। घटना को देखते हुए वहां तैनात ट्रेनर और अन्य अधिकारियों ने तुरंत दौड़ रोक दी और आनन-फानन में बेहोश हुए जवानों को डेहरी अनुमंडलीय अस्पताल और सासाराम सदर अस्पताल ले जाया गया।

​एक जवान की हालत नाजुक, वाराणसी रेफर अस्पताल में भर्ती कराए गए जवानों में राम कुमार नामक एक प्रशिक्षु की स्थिति काफी चिंताजनक बनी हुई है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया है। सासाराम के एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार ने पुष्टि की है कि सासाराम सदर अस्पताल में अभी भी तीन जवानों का इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि जिस जवान को वाराणसी भेजा गया है, उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसे विशेष निगरानी में रखा गया था।

​प्रशासनिक सतर्कता और सवाल भीषण गर्मी को देखते हुए पूरे रोहतास जिले में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी है। बावजूद इसके, इतनी गर्मी में 16 किलोमीटर की मैराथन दौड़ का आयोजन करना चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, घटना के बाद प्रशिक्षण कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने भी आम लोगों और जवानों को पर्याप्त पानी पीने और धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। अस्पताल प्रशासन की ओर से दावा किया गया है कि अन्य जवानों की हालत अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। फिलहाल, पूरे मामले पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बारीकी से नजर बनाए हुए हैं और जवानों के स्वास्थ्य अपडेट पर अपडेट लिया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button