रायपुर में 1.27 क्विंटल गांजा जब्त, छह तस्कर गिरफ्तार

रायपुर, 08 अक्टूबर 2026। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग मामलों में कुल 1 क्विंटल 27 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। कार्रवाई में पांच आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक सहित कुल छह लोग पकड़े गए हैं। जब्त गांजे की कुल कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा तस्करी में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा गंज और आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने की। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिनसन गुरिया की निगरानी में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
पहला मामला गंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस को 7 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि पचपेड़ी नाका की ओर से एक ऑटो में तीन व्यक्ति गांजा लेकर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने फाफाडीह चौक स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास ऑटो को रोककर तलाशी ली। ऑटो में सवार मुकुन्द शर्मा (27), गोपाल वर्मा उर्फ गोपी (28) और संतोष साहू (34) के पास मौजूद ट्रॉली बैग से 82.51 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 41.25 लाख रुपये आंकी गई है। तीनों के खिलाफ गंज थाने में अपराध क्रमांक 303/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई 8 अक्टूबर को आमानाका थाना क्षेत्र के टाटीबंध स्थित इस्कॉन टेंपल मोड़ के पास की गई। पुलिस को गांजा लेकर ग्राहक की तलाश कर रहे कुछ लोगों की सूचना मिली थी। मौके से कान्हू डाकुआ (36), सुमित भट्टाचार्य (36) और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को पकड़ा गया। तलाशी में उनके कब्जे से 44.799 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 22.39 लाख रुपये है। आमानाका थाने में अपराध क्रमांक 338/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में आरोपियों से गांजा तस्करी के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि रायपुर कमिश्नरेट में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की कार्रवाई में अब तक एनडीपीएस एक्ट के 85 मामलों में 190 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन मामलों में करीब 6.31 करोड़ रुपये मूल्य की नशीली सामग्री, वाहन, मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामग्री जब्त की गई है।




