Chhattisgarh

कोरबा में 26 साल के युवक ने घर में लगाई फांसी, इलाज के दौरान मौत; आत्महत्या की वजह अब तक अज्ञात

कोरबा, 08 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा में आत्महत्या का एक मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र की लक्ष्मणबंद तालाब बस्ती में 26 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की। परिजनों की नजर पड़ने के बाद उसे तत्काल फंदे से नीचे उतारा गया और गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान उदय कुमार यादव (26) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उदय रोजी-मजदूरी का काम करता था और सामान्य रूप से काम पर जाने के बाद वापस घर लौटता था। परिजनों के मुताबिक उसने कभी किसी तरह की परेशानी, तनाव या विवाद के संबंध में परिवार से कोई बात साझा नहीं की थी।

घटना के बाद परिजन तत्काल उदय को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर मामले में मर्ग कायम किया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। परिजन भी युवक द्वारा यह कदम उठाए जाने की स्पष्ट वजह नहीं बता सके हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उदय ने किन परिस्थितियों में फांसी लगाने जैसा कदम उठाया।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि इसके पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पारिवारिक, आर्थिक और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button