रायपुर में टाटा मैजिक से मिली 40 वर्षीय व्यक्ति की लाश, पुलिस को देख भागे आरोपी; हत्या की आशंका

रायपुर, 05 सितम्बर 2026। धरसींवा थाना क्षेत्र के परसतराई इलाके में गश्त के दौरान यात्री वाहन टाटा मैजिक से लाश मिलने के बाद सनसनी फैल गई। घटना गुरुवार देर रात करीब पौने दो बजे की बताई जा रही है। वाहन में सफेद चादर में लिपटी करीब 40 वर्षीय व्यक्ति की लाश मिली है। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हत्या के बाद शव को कहीं ले जाकर ठिकाने लगाने की आशंका जताई है।
जानकारी के मुताबिक धरसींवा पुलिस की टीम परसतराई इलाके में नहर पुलिया के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक टाटा मैजिक वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे पीछे करना शुरू कर दिया। इसके बाद चालक वाहन को बैक करते हुए बस्ती की ओर ले गया और अंधेरे का फायदा उठाकर खेत के रास्ते फरार हो गया।
पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें सफेद चादर में लिपटी एक व्यक्ति की लाश बरामद हुई। घटना के बाद पुलिस ने वाहन के नंबर और उस पर लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर जांच शुरू की। वाहन संजय चौहान के नाम पर पंजीकृत पाया गया। पुलिस के अनुसार वाहन को संजय चौहान का बेटा चलाता है, जो घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने वाहन मालिक और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जांच में यह भी सामने आया है कि वाहन को अस्पताल से किसी व्यक्ति को लाने के नाम पर बुक किया गया था। आरोपियों ने शाम करीब 5 बजे वाहन बुक कराया था और वाहन मालिक से कहा था कि उन्हें लौटने में देर हो सकती है। रास्ते में मोबाइल बंद होने की बात भी कही गई थी। इसके बाद देर रात वाहन में लाश मिलने से पुलिस को पूरे मामले में साजिश की आशंका है।
पुलिस को मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं। फुटेज में वाहन का चालक और दो अन्य लोग रावांभाठा स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों की कड़ी जोड़ने में जुटी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अज्ञात व्यक्ति के साथ मारपीट करने के बाद जीआई तार से गला घोंटकर उसकी हत्या किए जाने की आशंका है। इसके बाद आरोपी शव को आउटर के किसी सुनसान इलाके में नाले में फेंकने या ठिकाने लगाने की फिराक में थे। हालांकि हत्या की पुष्टि और मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
धरसींवा पुलिस ने मामले में शून्य पर अपराध दर्ज कर केस डायरी खमतराई पुलिस को भेज दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी खमतराई थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक कौन है, उसकी हत्या कहां और किस वजह से की गई तथा शव को टाटा मैजिक में कब और कहां रखा गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की उम्मीद है।




