Chhattisgarh

रायपुर में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई: पचपेड़ी नाका, पुजारी पार्क और पंडरी कपड़ा मार्केट में चला संयुक्त अभियान, यातायात हुआ सुगम

रायपुर। राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित और जाममुक्त बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर और नगर निगम की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को पचपेड़ी नाका, पुजारी पार्क तथा पंडरी कपड़ा मार्केट मंडी गेट क्षेत्र में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से कब्जा कर यातायात बाधित करने वाले ठेले, गुमटियां और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए, जिससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली।

डीसीपी यातायात श्रीमती अर्चना झा के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में सार्वजनिक मार्गों पर फैले अतिक्रमण को हटाकर सड़क को पूरी तरह आवागमन के लिए खाली कराया गया। टीम ने उन दुकानदारों और व्यवसायियों के खिलाफ भी कार्रवाई की, जिन्होंने सड़क पर सामान फैलाकर यातायात में बाधा उत्पन्न कर रखी थी। उन्हें तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

अभियान के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों और अतिक्रमणकर्ताओं को समझाइश दी कि सड़क और फुटपाथ सार्वजनिक संपत्ति हैं, जिन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित करता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाता है। सभी संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई। साथ ही स्पष्ट किया गया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

संयुक्त कार्रवाई के बाद पचपेड़ी नाका, पुजारी पार्क और पंडरी कपड़ा मार्केट क्षेत्र में यातायात पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और सुचारु दिखाई दिया। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, राहगीरों और वाहन चालकों ने इस अभियान का स्वागत करते हुए प्रशासन से ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाने की मांग की, ताकि शहर की सड़कें अतिक्रमण मुक्त रहें और लोगों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलती रहे।

डीसीपी यातायात श्रीमती अर्चना झा ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि वे सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा शहर की बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस और नगर निगम द्वारा भविष्य में भी ऐसे संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि रायपुर में सुरक्षित, सुव्यवस्थित और जाममुक्त यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Back to top button