Chhattisgarh

Sakti Crime : अस्पताल के सामने से बाइक चोरी, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

सक्ती, 30 सितम्बर। गोमती अस्पताल के सामने खड़ी मोटरसाइकिल चोरी करने के मामले में सक्ती पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी की हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG09X2064 बरामद की है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों की चोरी के वाहनों के क्रय-विक्रय में संलिप्तता की जानकारी भी सामने आई है। चारों आरोपियों को 30 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर को एक व्यक्ति अपनी माता का उपचार कराने गोमती अस्पताल पहुंचा था। उसने अपनी हीरो एचएफ डिलक्स बाइक अस्पताल के सामने खड़ी की और अंदर चला गया। उपचार के बाद वापस लौटने पर बाइक मौके से गायब मिली। आसपास तलाश और जानकारी लेने के बाद भी वाहन का पता नहीं चला, जिसके बाद थाना सक्ती में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले में अपराध क्रमांक 412/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच तेज की। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ क्षेत्र में वाहन चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही थी।

इसी दौरान पुलिस को करन कुमार कुर्रे के संबंध में सूचना मिली। पूछताछ में उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। आगे की जांच और पूछताछ में अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने रेहान खान, नागेन्द्र कुमार पटेल और सोमनाथ सहिस को भी गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही के आधार पर चोरी की मोटरसाइकिलों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। विवेचना के दौरान वाहन चोरी के साथ चोरी के वाहनों के क्रय-विक्रय में संलिप्तता सामने आने पर प्रकरण में धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस जोड़ी गई है।

पुलिस ने बताया कि मामले में चोरी की अन्य मोटरसाइकिलों की बरामदगी और घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में जांच जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

  • करन कुमार कुर्रे (19), निवासी नया तहसील के पीछे, बाराद्वार
  • रेहान खान (19), निवासी सोठी, वार्ड नंबर 18, सक्ती
  • नागेन्द्र कुमार पटेल (26), निवासी वार्ड नंबर 04, सक्ती
  • सोमनाथ सहिस (27), निवासी वार्ड नंबर 01, सहिस मोहल्ला, सक्ती

पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहनों को सुरक्षित एवं निगरानी वाले स्थान पर खड़ा करें और वाहन लॉक करना सुनिश्चित करें। किसी संदिग्ध व्यक्ति या चोरी के वाहन से संबंधित जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button