राजनांदगांव में दिल दहला देने वाली वारदात: घुमाने के बहाने पत्नी को शिवनाथ नदी के पुल पर ले गया पति, धक्का देकर मार डाला

राजनांदगांव,23 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक युवक पर अपनी पत्नी को घुमाने के बहाने घर से ले जाकर शिवनाथ नदी में धक्का देकर हत्या करने का आरोप है। मृतका की पहचान नीलम (21) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति मयूर मेश्राम (24) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने पत्नी को नदी में धकेलने की बात स्वीकार की है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, स्टेशन पारा निवासी मयूर मेश्राम 21 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे अपनी पत्नी नीलम को बाइक से घुमाने के बहाने घर से लेकर निकला था। दोनों शिवनाथ नदी के पुल के पास पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपी ने नीलम को पुल से नीचे नदी में धकेल दिया। गहरे पानी में गिरने के कारण नीलम लापता हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नदी में महिला की तलाश शुरू कराई, लेकिन रात के अंधेरे के कारण उसका पता नहीं चल सका। अगले दिन सुबह दोबारा तलाशी अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद 22 अक्टूबर को सुबह करीब 11.30 बजे गोताखोरों ने नदी से नीलम का शव बरामद किया।
महिला की मौत के बाद उसके परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने संदेह के आधार पर मयूर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। उसने यह भी कहा कि वह इन परिस्थितियों से परेशान होकर पत्नी को रास्ते से हटाना चाहता था।
पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।




