मितानिन दिवस पर मितानिन बहनों का सम्मान, ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान को सराहा

सारंगढ़, 23 नवंबर 2026। मितानिन दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत मुड़पार छोटे में मितानिन बहनों के सम्मान में गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत स्थित प्राथमिक शाला भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षकों ने मितानिन बहनों को सम्मानित करते हुए ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में उनके महत्वपूर्ण योगदान, सेवा भावना और समर्पण की सराहना की।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच चमेली नायक, उपसरपंच भवसागर सदावर्ती, पंचायत सचिव लुकेश चंद्र पटेल, पंच नरेंद्र नायक, नसीब कुमार चौहान एवं दुरसिंह राठिया सहित प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला के शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मितानिन बहनों के सेवाभावी कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनके योगदान को ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर पंचायत सचिव लुकेश चंद्र पटेल ने कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। वे गांव के प्रत्येक घर तक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पहुंचाने के साथ शासन की स्वास्थ्य योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। गर्भवती महिलाओं की देखभाल, सुरक्षित प्रसव के प्रति जागरूकता, नवजात शिशुओं एवं बच्चों के टीकाकरण, कुपोषण की पहचान तथा स्वच्छता और पोषण संबंधी जानकारी देने में उनका योगदान अत्यंत सराहनीय है। इसके अलावा जरूरतमंद मरीजों को समय पर स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में भी वे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
सरपंच चमेली नायक एवं उपसरपंच भवसागर सदावर्ती ने कहा कि मितानिन बहनें निःस्वार्थ भाव से ग्रामीण परिवारों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों का ध्यान रखती हैं। वे शासन और ग्रामीणों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहयोग करती हैं। उनका समर्पण और सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम में उपस्थित पंचगणों एवं शिक्षकों ने भी मितानिन बहनों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही ग्राम पंचायत की ओर से भविष्य में स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया गया।
समारोह के अंत में सभी मितानिन बहनों को मितानिन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य और समाज के प्रति निरंतर सेवाभावी योगदान की कामना की गई।




