महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप केस: सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत, ED की रिमांड अर्जी खारिज

रायपुर, 12 नवंबर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष अदालत ने 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अदालत के आदेश के बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच सेंट्रल जेल भेज दिया गया। वहीं, पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से मांगी गई रिमांड को कोर्ट ने मंजूरी नहीं दी।
जानकारी के मुताबिक, आठ दिनों की CBI रिमांड समाप्त होने के बाद सौरभ चंद्राकर को गुरुवार को विशेष अदालत में पेश किया गया। CBI की टीम उसे अपने कार्यालय से कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट लेकर पहुंची थी। इससे पहले एजेंसी ने अदालत से मिली आठ दिनों की पुलिस रिमांड के दौरान उससे महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के संचालन, सट्टेबाजी नेटवर्क और करोड़ों रुपये के कथित वित्तीय लेन-देन को लेकर पूछताछ की थी।
ED को नहीं मिली रिमांड, CBI की अगली कार्रवाई पर नजर
सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के लिए ED ने भी अदालत में रिमांड की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने फिलहाल इस मांग को स्वीकार नहीं किया। वहीं, CBI आगे की जांच और पूछताछ के लिए दोबारा पुलिस रिमांड की मांग कर सकती है। ऐसे में अब इस हाईप्रोफाइल मामले में केंद्रीय जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।
पैनल ऑपरेशन और हवाला नेटवर्क को लेकर हुए सवाल
सूत्रों के मुताबिक, CBI की आठ दिनों की पूछताछ में सौरभ चंद्राकर से महादेव ऐप के कथित लाइजनिंग नेटवर्क, पैनल ऑपरेशन और हवाला के जरिए होने वाले वित्तीय लेन-देन को लेकर सवाल किए गए। बताया जा रहा है कि सौरभ ने लाइजनिंग की जिम्मेदारी रवि उप्पल के पास होने की बात कही, जबकि पैनल ऑपरेशन और हवाला से जुड़े कामकाज की जिम्मेदारी संभालने की बात कथित तौर पर स्वीकार की। हालांकि, इन बयानों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
शुभम सोनी के वीडियो को लेकर भी पूछताछ
पूछताछ के दौरान शुभम सोनी का कथित वीडियो भी जांच का अहम हिस्सा रहा। इस वीडियो में शुभम सोनी ने दावा किया था कि सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल उसके अधीन काम करते थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, CBI ने वीडियो में किए गए दावों को लेकर सौरभ से सवाल-जवाब किए। बताया जा रहा है कि इस पर सौरभ ने शुभम सोनी से ही पूछताछ करने की बात कही।
ओमान से भारत लाया गया था सौरभ चंद्राकर
गौरतलब है कि सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पण प्रक्रिया के बाद भारत लाया गया था। इसके बाद CBI ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। विशेष अदालत से आठ दिनों की पुलिस रिमांड मिलने के बाद एजेंसी ने महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के संचालन, कथित सट्टेबाजी नेटवर्क, हवाला कनेक्शन, करोड़ों के लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की।
फिलहाल अदालत ने सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब जांच एजेंसियों की अगली रणनीति और इस मामले में होने वाले संभावित खुलासों पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।




