Chhattisgarh

महंगी बिजली, स्मार्ट मीटर और 400 यूनिट योजना को लेकर कांग्रेस का सरकार पर हमला

0.पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल बोले— बिजली दर वृद्धि वापस ले सरकार, स्मार्ट मीटर लगाने पर तत्काल रोक लगे

कोरबा, 2 अगस्त। प्रदेश में बढ़ी हुई बिजली दरों, स्मार्ट मीटर और 400 यूनिट तक आधे बिजली बिल की योजना को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय, टीपी नगर में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने सरकार से बिजली दरों में की गई हालिया वृद्धि वापस लेने, स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तत्काल रोकने तथा कांग्रेस सरकार की 400 यूनिट तक आधे बिजली बिल की योजना को पुनः लागू करने की मांग की।

प्रेस वार्ता में रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया, सपना चौहान, नगर पालिका निगम के नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन में अग्रणी राज्यों में शामिल है, इसके बावजूद प्रदेश की जनता को महंगी बिजली खरीदनी पड़ रही है। उनका आरोप था कि लगातार बिजली दरों में वृद्धि और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया से गरीब, मध्यमवर्गीय परिवार, किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और कर्मचारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ा है।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेशभर से स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि की शिकायतें मिल रही हैं। कांग्रेस ने मांग की कि स्मार्ट मीटरों की स्वतंत्र तकनीकी एजेंसी से सार्वजनिक जांच कराई जाए तथा रिपोर्ट आने तक इनके स्थापना कार्य पर रोक लगाई जाए।

पूर्व मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय लागू 400 यूनिट तक आधे बिजली बिल की योजना से लाखों परिवारों को राहत मिली थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे घटाकर 100 यूनिट तक सीमित कर दिया, जिससे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने इसे जनविरोधी निर्णय बताते हुए योजना को पूर्ववत लागू करने की मांग की।

कांग्रेस ने अपनी प्रमुख मांगों में बिजली दरों में हालिया वृद्धि वापस लेने, स्मार्ट मीटर लगाने का निर्णय स्थगित करने, बिजली बिलों की गणना प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने, स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों के निराकरण के लिए जिला स्तर पर स्वतंत्र शिकायत प्रकोष्ठ गठित करने तथा गरीब, मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारियों को विशेष राहत देने की मांग रखी।

जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि यदि सरकार समय रहते इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो कांग्रेस जनता की आवाज बनकर लोकतांत्रिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का संघर्ष किसी सरकार के विरोध के लिए नहीं, बल्कि आम जनता के हितों की रक्षा और उन्हें महंगी बिजली से राहत दिलाने के लिए है।

Related Articles

Back to top button