Chhattisgarh

मरवाही पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बूचड़खाने ले जाए जा रहे 26 भैंसों से भरा ट्रक पकड़ा, चालक गिरफ्तार, ट्रक जब्त

पेंड्रा, 21 जुलाई। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की मरवाही पुलिस ने अवैध पशु परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बूचड़खाने ले जाए जा रहे 26 भैंसों से भरे ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक में मवेशियों को कथित रूप से अत्यंत क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने सभी भैंसों को सुरक्षित मुक्त कराकर उनके भोजन, पानी और संरक्षण की व्यवस्था कराई, ट्रक जब्त किया तथा चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में बड़ी संख्या में भैंसों को अवैध रूप से बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देश पर थाना मरवाही, चौकी कोटमी और साइबर सेल की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने दानीकुंडी के पास घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक UP 70 GT 3794 को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला।

इसके बाद पुलिस टीम ने करीब 15 किलोमीटर तक ट्रक का पीछा किया और आखिरकार कुम्हारी बस स्टैंड के पास ट्रक को घेरकर रोक लिया। तलाशी लेने पर ट्रक में 26 भैंसें बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरी हुई मिलीं। पुलिस ने चालक से पशुओं के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और अनुमति पत्र मांगे, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद पुलिस ने सभी भैंसों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके भोजन, पानी और देखभाल की व्यवस्था की तथा नियमानुसार सुरक्षित स्थान पर भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया और चालक वाल्मीक साकेत (30 वर्ष), पिता रामलाल साकेत, निवासी रोहिया, थाना रामपुर बघेलान, जिला सतना (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।

मामले में आरोपी के खिलाफ थाना मरवाही में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 एवं 111 के तहत अपराध दर्ज किया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने मामले की एंड-टू-एंड जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध पशु परिवहन के पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जाएगी और इस मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध पशु परिवहन और पशु क्रूरता के मामलों पर पुलिस की लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

मरवाही पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध पशु परिवहन पर बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि कानून का उल्लंघन कर पशुओं के अवैध परिवहन और उनके साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button