भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का 77वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया, कलेक्टर-एसपी सहित गणमान्यजनों को लगाए गए फ्लैग स्टीकर

कोरबा, 07 नवम्बर 2026। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का 77वां स्थापना दिवस कोरबा जिले में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिले के पांचों विकासखंडों के विद्यालयों में संचालित स्काउट-गाइड, कब-बुलबुल तथा रोवर-रेंजर इकाइयों की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्थापना दिवस के अवसर पर स्काउट्स एवं गाइड्स ने सामाजिक सहभागिता और जनजागरूकता का संदेश देते हुए प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा गणमान्य नागरिकों को स्थापना दिवस के फ्लैग स्टीकर लगाए।
जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का संयोजन जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) डीगम्बर सिंह कौशिक एवं जिला संगठन आयुक्त (गाइड) उत्तरा मानिकपुरी ने किया। वहीं, रोवर लीडर राजीव कुमार साहू के नेतृत्व में स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स एवं रेंजर्स की टीम ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों से मुलाकात कर उन्हें स्थापना दिवस की जानकारी दी।
इस दौरान कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं SP सिद्धार्थ तिवारी को भी भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के 77वें स्थापना दिवस का फ्लैग स्टीकर लगाया गया। टीम के सदस्यों ने उन्हें स्काउट आंदोलन की गतिविधियों, उद्देश्यों और समाज सेवा के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता से अवगत कराया। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने इस अवसर पर स्काउट्स एवं गाइड्स को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान संयुक्त कलेक्टर टी.आर. भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी ताम्रेश्वर उपाध्याय सहित अन्य प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों को भी फ्लैग स्टीकर लगाए गए। स्काउट्स एवं गाइड्स ने स्थापना दिवस के माध्यम से अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता, सहयोग और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका का संदेश दिया।
इस आयोजन में राकेश जगत, हर्ष साहू, सौरभ देवांगन, रिया चंद्रा, भूमिकाम महंत, प्रज्ञा साहू एवं वर्षा साहू सहित अन्य स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स ने सक्रिय सहभागिता निभाई। जिले के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्काउट आंदोलन के मूल सिद्धांतों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।




