Chhattisgarh

बिर्रा में विद्यार्थियों को यातायात व साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक, नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने की दी समझाइश

जांजगीर-चांपा, 8 जुलाई। जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग अभियान के तहत सरस्वती शिशु मंदिर, बिर्रा में छात्र-छात्राओं के लिए यातायात एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, साइबर ठगी से बचने तथा नाबालिग अवस्था में वाहन नहीं चलाने के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना बिर्रा प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों द्वारा मोटरसाइकिल अथवा अन्य मोटर वाहन चलाना कानूनन प्रतिबंधित है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं वाहन नहीं चलाने और अपने अभिभावकों को भी इस संबंध में जागरूक करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट के अनिवार्य उपयोग, यातायात संकेतों का पालन तथा सुरक्षित आवागमन के उपायों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई।

विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में कानून के प्रति सम्मान, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए यातायात नियमों एवं साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त की।

Related Articles

Back to top button