Chhattisgarh

रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ जारी: 8.5 टन संदिग्ध लोहे का कबाड़ और 6 चक्का वाहन जब्त, ₹22 लाख की संपत्ति बरामद

रायगढ़, 8 जुलाई। रायगढ़ पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत छाल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 8.5 टन संदिग्ध लोहे का कबाड़ और उसे परिवहन कर रहे महिंद्रा 6 चक्का वाहन को जब्त किया है। इस कार्रवाई में कुल 22 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई है। पुलिस ने बिना वैध दस्तावेज के कबाड़ परिवहन करने वाले आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में छाल थाना पुलिस लगातार दूसरे दिन अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबार पर बड़ी कार्रवाई कर अपनी सख्ती का संदेश दिया है।

पुलिस के अनुसार 8 जुलाई को थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाटी क्षेत्र से एक 6 चक्का ट्रक में भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप भरकर छाल होते हुए घरघोड़ा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने बैरियर पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान महिंद्रा 6 चक्का वाहन क्रमांक CG-12 BD-1623 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में तिरपाल के नीचे बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप, एंगल, टीना और अन्य कबाड़ सामग्री लोड मिली। चालक से परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम तौफिक खान (19 वर्ष) निवासी सीएसईबी चौकी क्षेत्र, जिला कोरबा बताया। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने और कबाड़ के संदिग्ध होने पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में करीब 8 टन 500 किलोग्राम लोहे का स्क्रैप, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये, तथा परिवहन में प्रयुक्त महिंद्रा 6 चक्का वाहन, जिसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये है, जब्त कर लिया। इस प्रकार कुल 22 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति पुलिस ने अपने कब्जे में ली।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 35(क), 35(ड) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) तथा धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही जब्त किए गए कबाड़ के स्रोत, उसके वास्तविक मालिक और उसके परिवहन से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच भी की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान, प्रधान आरक्षक शंभू प्रसाद पाण्डेय, आरक्षक राजेश राठौर, सतीश जगत, भगवती प्रसाद लक्ष्मे सहित छाल थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ कारोबार चोरी और औद्योगिक संपत्तियों से जुड़े अपराधों को बढ़ावा देता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ऐसे अवैध नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और बिना वैध दस्तावेजों के कबाड़ का परिवहन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button