बालकोनगर में आज से भगवान जगन्नाथ की नौ दिवसीय रथयात्रा महोत्सव शुरू, 24 जुलाई तक होंगे धार्मिक आयोजन

कोरबा,16 जुलाई 2026। बालकोनगर में भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा महोत्सव का आयोजन 16 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक श्रद्धा और भक्ति के साथ किया जाएगा। उत्कल भारती सेवा समिति, बालकोनगर के तत्वावधान में आयोजित इस नौ दिवसीय धार्मिक उत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
समिति के अनुसार रथ द्वितीया के पावन अवसर पर गुरुवार 16 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रीराम मंदिर, बालको से गाजे-बाजे, भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच निकाली जाएगी। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रामलीला मैदान स्थित श्री गुंडिचा मंदिर पहुंचेगी, जहां भगवान नौ दिनों तक विराजमान रहेंगे।
इस दौरान प्रतिदिन श्रद्धालु भगवान के दर्शन, पूजन-अर्चन एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल हो सकेंगे। परंपरा के अनुसार भक्तजन रथ खींचकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। धार्मिक मान्यता है कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में सहभागी बनने और रथ खींचने से पुण्य की प्राप्ति होती है तथा जीवन में सुख-समृद्धि का वास होता है।
महोत्सव का समापन 24 जुलाई की शाम को होगा। इस दिन भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा की बहुदा यात्रा (वापसी रथयात्रा) निकाली जाएगी, जिसमें प्रभु का रथ पुनः श्री जगन्नाथ मंदिर लाया जाएगा।
उत्कल भारती सेवा समिति ने जिले एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार रथयात्रा महोत्सव में शामिल होकर धर्म लाभ अर्जित करने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं व्यवस्थाओं के लिए समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं।




