Chhattisgarh

अप्रैल में राशनकार्डधारियों को मिलेगा केरोसिन, 528 किलोलीटर का आबंटन जारी

रायपुर। प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत अप्रैल 2026 के लिए केरोसिन का आबंटन जारी कर दिया गया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा केंद्र सरकार से प्राप्त प्रथम तिमाही (अप्रैल-जून) के कोटे में से 528 किलोलीटर केरोसिन राशनकार्डधारियों के लिए आवंटित किया गया है, जिसका वितरण उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से किया जाएगा।

विभागीय जानकारी के अनुसार, अंत्योदय और प्राथमिकता श्रेणी के सभी राशनकार्डधारियों को इसका लाभ मिलेगा। शहरी क्षेत्रों में प्रति राशनकार्ड अधिकतम 1 लीटर, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतम 2 लीटर केरोसिन दिया जाएगा, जिससे जरूरतमंद परिवारों को राहत मिल सके।

राज्य शासन ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि केरोसिन का समय-सीमा में उठाव और वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार कर हितग्राहियों को उनकी पात्रता की जानकारी देने को कहा गया है। जिन उचित मूल्य दुकानों में केरोसिन की मांग कम होगी, वहां शेष स्टॉक को जरूरत वाले दुकानों में पुनः आबंटित किया जाएगा, ताकि किसी भी क्षेत्र में कमी की स्थिति न बने।

निर्देशों के अनुसार अप्रैल माह के लिए आवंटित केरोसिन का उठाव 30 अप्रैल 2026 तक अनिवार्य रूप से किया जाना है। वहीं, ऑयल कंपनियों के अधिकारियों को भी 30 अप्रैल तक लैप्स कोटा की जानकारी विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य विभाग के अनुसार, बिलासपुर जिले को सर्वाधिक 36 किलोलीटर केरोसिन आवंटित किया गया है। इसके अलावा बस्तर, कांकेर, जांजगीर-चांपा, कोरबा, दुर्ग, बलौदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, रायपुर और जशपुर जिलों को 24-24 किलोलीटर तथा अन्य शेष जिलों को 12-12 किलोलीटर केरोसिन आवंटित किया गया है।

Related Articles

Back to top button