Chhattisgarh

प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे, CM विष्णुदेव साय बोले- सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित रही यात्रा

रायपुर, 7 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संघर्ष, सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन देश के सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण पड़ाव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हुए हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में करीब 13 वर्ष और देश के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष से अधिक की उनकी यात्रा सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की प्रेरक गाथा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए भारत को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम किया है। 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानकर उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र के साथ देश को आगे बढ़ाया। सरकार की योजनाओं के केंद्र में गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प रखा है। इसे पूरा करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भी सभी को अपनी भूमिका निभानी होगी।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। एक महीने के इस अभियान को 13 अलग-अलग बिंदुओं के माध्यम से जनभागीदारी से जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य सेवा, स्वच्छता, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के जीवन के विभिन्न पड़ावों, संघर्ष, अनुशासन, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जानने का अवसर मिला। सामान्य परिस्थितियों से निकलकर देश का नेतृत्व करने तक की उनकी यात्रा युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प, सुरक्षा बलों के साहस तथा स्थानीय जनता के सहयोग से नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को ऐतिहासिक सफलता मिली है। बस्तर में अब शांति और विकास का नया दौर शुरू हुआ है। जिन क्षेत्रों में विकास पहुंचाना कठिन था, वहां सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और शासन की योजनाएं पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य बस्तर के प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार किसानों के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत छत्तीसगढ़ की करीब 68 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के तहत अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है। इससे महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और परिवार के निर्णयों में उनकी भूमिका मजबूत हुई है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेल और अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी से विस्तार हो रहा है। प्रदेश में करीब 51 हजार करोड़ रुपये के रेल कार्य चल रहे हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 32 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ उद्योग, व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी गति मिलेगी।

जनजातीय विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 6,691 जनजातीय गांवों में आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और आजीविका जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण करते हुए उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब वैश्विक निवेश के मानचित्र पर तेजी से उभर रहा है। नई औद्योगिक विकास नीति और निवेश-अनुकूल वातावरण से निवेशकों का विश्वास बढ़ा है। अपने हालिया सिंगापुर प्रवास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां उद्योग जगत के साथ हुई चर्चा में छत्तीसगढ़ में निवेश को लेकर उत्साह देखने को मिला। 15 बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने वन-टू-वन चर्चा में राज्य में निवेश को लेकर रुचि दिखाई।

उन्होंने कहा कि निवेश का उद्देश्य केवल उद्योग स्थापित करना नहीं, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और छत्तीसगढ़ को आधुनिक उद्योग, तकनीक और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाना है।

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत-2047 का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से जुड़ा राष्ट्रीय संकल्प है।

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश रक्षा, अर्थव्यवस्था, अधोसंरचना, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने को सेवा और राष्ट्र समर्पण की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

समारोह में विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button