Chhattisgarh

बस्तर में नशीली गोलियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 450 Alprazolam टैबलेट के साथ 24 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर, 07 अक्टूबर। बस्तर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बोधघाट पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली गोलियों की अवैध बिक्री के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 450 नग Alprazolam टैबलेट बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.80 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 की सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक पीले रंग के कैरी बैग में प्रतिबंधित नशीली टैबलेट लेकर गंगामुंडा तालाब स्थित चौपाटी में ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान राहूल मंडावी (24), निवासी सरदार वल्लभ भाई पटेल वार्ड, जगदलपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास रखे पीले कैरी बैग से Alprazolam की 450 टैबलेट बरामद हुईं। इन टैबलेट को रखने, परिवहन और बिक्री के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने नशीली टैबलेट को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 21(B) NDPS Act के तहत अपराध दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए विशेष NDPS न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक लोकेश्वर नाग, सउनि दिनेश उसेंडी सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button