Chhattisgarh

पीएम सूर्य घर उत्कृष्टता पुरस्कार में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान

0.सर्वाधिक वेंडर पंजीयन श्रेणी में मिली उपलब्धि, 4 जून को नई दिल्ली में होगा सम्मान

रायपुर, 2 जून। प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर एक और उपलब्धि हासिल की है। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित पीएम सूर्य घर उत्कृष्टता पुरस्कार में राज्य को “मंथ ऑफ सोलर अभियान–सर्वाधिक वेंडर पंजीयन” श्रेणी में देशभर में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के लिए राज्य को 4 जून को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत आयोजित ‘मंथ ऑफ सोलर’ अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सफलता स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार के सतत प्रयासों तथा जनभागीदारी का परिणाम है।

भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के सचिव संतोष सारंगी ने राज्य के मुख्य सचिव विकास शील को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है। पत्र में उन्हें 4 जून को नई दिल्ली में आयोजित “प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के दो वर्ष : एक करोड़ सौर छतों की ओर बढ़ता भारत” कार्यक्रम में शामिल होकर राज्य की ओर से पुरस्कार ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया गया है।

प्रमुख सचिव (ऊर्जा) एवं छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह ने इस उपलब्धि के लिए विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए इसे सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।

राज्य को यह सम्मान सौर ऊर्जा अभियान के अंतर्गत सर्वाधिक वेंडर पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए प्रदान किया जा रहा है। अभियान के दौरान एक माह में छत्तीसगढ़ में 86 नए वेंडर पंजीकृत किए गए, जिसके साथ राज्य में कुल पंजीकृत वेंडरों की संख्या बढ़कर 1,222 हो गई है। विशेष बात यह है कि राज्य सरकार ने महिला स्व-सहायता समूहों को भी वेंडर के रूप में जोड़कर उनकी भागीदारी सुनिश्चित की है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर उपभोक्ताओं को सस्ती, स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा उपलब्ध कराने के साथ-साथ बिजली बिल में कमी लाने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।

1 जून 2026 की स्थिति में राज्य में योजना के तहत 1 लाख 93 हजार 371 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 61 हजार 700 सौर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि 1 लाख 32 हजार 28 संयंत्रों की स्थापना प्रक्रिया जारी है। योजना के अंतर्गत अब तक 16 हजार उपभोक्ताओं को शून्य बिजली बिल का लाभ प्राप्त हो चुका है।

योजना के तहत 45 हजार 978 हितग्राहियों को केंद्र सरकार से 353.20 करोड़ रुपये तथा 40 हजार 910 हितग्राहियों को राज्य सरकार से 122.62 करोड़ रुपये की अनुदान राशि प्रदान की जा चुकी है। इससे बड़ी संख्या में उपभोक्ता सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित हुए हैं।

Related Articles

Back to top button