नवागढ़ में दुकान की छत से घुसकर चोरी, 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार; 6 हजार रुपये बरामद

जांजगीर-चांपा, 28 सितम्बर। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में दुकान की छत के रास्ते अंदर घुसकर नगदी और सिगरेट चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 6 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक के शामिल होने की बात भी सामने आई है, जिसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, दुकान संचालक 20 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे अपनी दुकान बंद कर घर चला गया था। अगले दिन 21 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचा तो ड्राज में रखी नगदी रकम गायब मिली। इसके अलावा दुकान से सिगरेट के दो पुड़ा और गोल्ड फ्लेक के दो पुड़ा भी चोरी थे। जांच में सामने आया कि अज्ञात आरोपी दुकान की छत पर चढ़कर छत के रास्ते अंदर दाखिल हुआ और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
घटना की शिकायत के बाद नवागढ़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 312/2026 के तहत धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर राछाभाठा निवासी 19 वर्षीय प्रशांत दास को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दुकान में चोरी करने की बात स्वीकार की।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की रकम में से 6 हजार रुपये नगद बरामद किए। पूछताछ में आरोपी ने चोरी किए गए सिगरेट और गोल्ड फ्लेक का सेवन कर लेना बताया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस की जांच में इस वारदात में एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक के शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है। उसके संबंध में भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई है। नवागढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी के मामले का खुलासा होने के साथ ही आरोपी से चोरी की रकम भी बरामद की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




