धरमजयगढ़ में पत्नी की हत्या का 48 घंटे में खुलासा, मोबाइल विवाद में पति ने लकड़ी के पट्टे से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में मस्जिदपारा स्थित एक महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जांच में सामने आया कि मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी की लकड़ी के चौड़े पट्टे से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का पट्टा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई 2026 को धरमजयगढ़ के मस्जिदपारा स्थित प्रतीक चौवड़ा के बाड़ी परिसर में झाड़ियों के बीच प्लास्टिक की बोरी से ढका एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतका की पहचान 48 वर्षीय राजकुमारी चौहान के रूप में हुई, जो अपने पति मोहब्बत चौहान के साथ पिछले करीब एक वर्ष से वहीं रहकर देखरेख और मजदूरी का काम करती थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पति-पत्नी दोनों शराब के आदी थे और आरोपी अक्सर शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था। आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि 12 जुलाई की रात करीब 11 बजे दोनों के बीच जोरदार विवाद और मारपीट की आवाजें सुनाई दी थीं। अगले दिन शाम को मोहल्ले के बच्चों ने झाड़ियों में बोरी से ढका शव देखा। घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सकों ने मृतका के हाथ-पैर, शरीर के कई हिस्सों और बाईं कनपटी पर किसी ठोस वस्तु से गंभीर चोट लगने की पुष्टि की। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौत होना बताया गया तथा इसे हत्या का मामला माना गया। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 238(बी) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
धरमजयगढ़ पुलिस ने फरार आरोपी मोहब्बत चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसकी पत्नी ने उसका की-पैड मोबाइल किसी के पास गिरवी रख दिया था। मोबाइल को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में उसने लकड़ी के चौड़े पट्टे से पत्नी की पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को बोरी से ढककर झाड़ियों में छिपा दिया और फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का पट्टा बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मोहब्बत चौहान (47 वर्ष) ग्राम डगभौना थाना कापू का निवासी है और वर्तमान में धरमजयगढ़ के मस्जिदपारा वार्ड क्रमांक-6 में रह रहा था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी है और वह पहले अपने ससुर की हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
रायगढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना पूरी कर जल्द ही न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू हिंसा या पारिवारिक विवाद के नाम पर होने वाली किसी भी हिंसक वारदात को रायगढ़ पुलिस बेहद गंभीरता से लेती है। हत्या जैसे जघन्य अपराधों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को कानून के दायरे में लाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।




