धमतरी में फल खरीदने रुके युवक से 10 हजार रुपये की लूट, 24 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार

धमतरी, 14 नवंबर 2026। जिले के सांकरा मोड़ के पास राहगीर से मारपीट कर 10 हजार रुपये लूटने के मामले में अर्जुनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3,700 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गातापार निवासी 28 वर्षीय शीतल कुमार साहू 13 नवंबर 2026 को अपनी मोटरसाइकिल से ससुराल ग्राम भोथली में आयोजित नहावन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। दोपहर करीब 1:20 बजे वह ग्राम सांकरा मोड़ स्थित जरही माता मंदिर के पास फल खरीदने के लिए रुके थे। इसी दौरान पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे दो युवकों ने उन्हें अकेला पाकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए जेब से 10 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और एटीएम कार्ड रखा पर्स लूटकर फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 187/26 के तहत धारा 309(6) बीएनएस में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। SP भावना पांडेय के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए कार्रवाई तेज की गई। घटना के दौरान पीड़ित ने आरोपियों की मोटरसाइकिल का नंबर CG 05 AU 8630 नोट कर लिया था। इसी नंबर और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदेहियों की पहचान की।
पुलिस ने ग्राम सांकरा निवासी नितिन साहू (25 वर्ष) और संदीप सोरी उर्फ विनय (18 वर्ष 3 माह) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि लूटे गए 10 हजार रुपये आपस में पांच-पांच हजार रुपये बांट लिए थे। इसमें से कुछ रकम खाने-पीने में खर्च कर दी गई, जबकि पर्स और उसमें रखे दस्तावेजों को फेंक दिया था।
पुलिस ने आरोपी नितिन साहू के कब्जे से 2,450 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की। वहीं, दूसरे आरोपी संदीप सोरी के कब्जे से 1,250 रुपये नकद बरामद किए गए। इस तरह कुल 3,700 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
दोनों आरोपियों को 14 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, धमतरी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना अर्जुनी पुलिस टीम और वैज्ञानिक अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




