धमतरी कलेक्ट्रेट में युवक ने खुद पर डाला केरोसिन : घर का रास्ता बंद होने से था परेशान, परिवार सहित उठाई इच्छामृत्यु की मांग

धमतरी। जिला कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने अपनी समस्या के समाधान में देरी से परेशान होकर खुद पर केरोसिन उड़ेल लिया। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और सुरक्षा जवानों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। युवक को तत्काल काबू में लेकर हिरासत में लिया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जनदर्शन में पहुंचकर रखी अपनी समस्या जानकारी के अनुसार इतवारी बाजार क्षेत्र स्थित बढेश्वर महादेव मंदिर के पास रहने वाले रोहित सोनी ने जनदर्शन में आवेदन प्रस्तुत कर अपनी समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उनका परिवार पिछले लगभग 60 वर्षों से उक्त स्थान पर निवास कर रहा है। रोहित का आरोप है कि मकान निर्माण को लेकर मंदिर से जुड़े कुछ लोगों तथा स्थानीय वार्ड पार्षद निलेश लुनिया द्वारा आपत्ति दर्ज कराई गई है, जिसके चलते विवाद की स्थिति निर्मित हो गई है।
रास्ता बंद होने से बढ़ी परेशानी
युवक के अनुसार विवाद के चलते उनके घर तक पहुंचने वाले मुख्य मार्ग पर गड्ढा खोद दिया गया है। इससे परिवार के सदस्यों को आवागमन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रोहित ने प्रशासन को बताया कि उनके परिवार में आठ सदस्य हैं और वर्तमान मकान के अलावा उनके पास रहने के लिए कोई अन्य स्थान उपलब्ध नहीं है। समस्या के निराकरण में देरी और रास्ता बंद होने से वे मानसिक रूप से काफी परेशान हैं।
परिवार सहित इच्छामृत्यु की अनुमति मांगी आवेदन में युवक ने प्रशासन से परिवार सहित इच्छामृत्यु की अनुमति देने की मांग भी की। उनका कहना है कि लगातार परेशानी और समाधान नहीं मिलने के कारण उनका परिवार बेहद कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है। बताया जा रहा है कि मानसिक तनाव और नाराजगी के चलते रोहित सोनी ने जनदर्शन स्थल पर खुद पर केरोसिन डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। घटना होते ही वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों और पुलिस जवानों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और युवक को ऐसा करने से रोक लिया। सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद युवक को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
प्रशासन ने जांच का दिया आश्वासन घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा वैधानिक प्रक्रिया के तहत समाधान निकालने का आश्वासन दिया है। वहीं पुलिस भूमि और रास्ते से जुड़े विवाद के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद कुछ समय तक जनदर्शन परिसर में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।




