National

दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय हेरोइन नेटवर्क का किया भंडाफोड़, 50 करोड़ की ड्रग्स जब्त; चार गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय हेरोइन सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। पुलिस की कार्रवाई में करीब 50 करोड़ रुपये कीमत की हेरोइन जब्त की गई है। मामले में दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान दिल्ली-NCR से लेकर उत्तर प्रदेश तक फैले हेरोइन की सप्लाई और कथित निर्माण नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, रोहिणी इलाके की टीम को बेगमपुर क्षेत्र में मादक पदार्थों की आवाजाही की सूचना मिली थी। इसके बाद 16 सितंबर को सेक्टर-32 में एक कार को रोककर तलाशी ली गई। कार सवार हरियाणा के रोहतक निवासी 58 वर्षीय लक्ष्मण हुड्डा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि उसके कब्जे से 300 ग्राम हेरोइन और तीन लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए 17 सितंबर को अनिल उर्फ भोला को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार किया। दिल्ली के रघुबीर नगर निवासी 51 वर्षीय भोला की कार से तलाशी के दौरान 501 ग्राम हेरोइन बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस के मुताबिक, भोला के खिलाफ पहले से 12 मामले दर्ज हैं। भलस्वा डेयरी थाने में दर्ज एनडीपीएस मामले में अंतरिम जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर आया था, लेकिन निर्धारित समय पर आत्मसमर्पण नहीं करने पर अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।

मामले की आगे की जांच और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस टीम ने 4 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित जानकीपुरम की सीता कॉलोनी में कथित हेरोइन निर्माण इकाई पर छापा मारा। यहां से बरेली निवासी 35 वर्षीय बबलू को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, मौके से 6.275 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा 2.504 किलोग्राम सोडियम, 787 ग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड समेत हेरोइन तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई।

पुलिस ने बताया कि मौके से टब, गैस सिलेंडर, मिक्सर ग्राइंडर, बर्तन, पॉलीथीन, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और लकड़ी की टोकरी समेत अन्य सामान भी मिला है। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने कथित निर्माण इकाई के मुख्य आपूर्तिकर्ता और मालिक बताए जा रहे बरेली निवासी रुकसार अली उर्फ राजू को भी गिरफ्तार किया।

पुलिस का कहना है कि कार्रवाई से दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश के बीच सक्रिय एक अंतरराज्यीय हेरोइन सप्लाई एवं निर्माण नेटवर्क का पता चला है। अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हेरोइन की सप्लाई के स्रोत, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और दिल्ली-NCR समेत अन्य क्षेत्रों में इसकी संभावित सप्लाई के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button